कैथल:दादी-पोती ने पार्क में निगला जहर, 13 वर्षीय छात्रा की मौत

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 24 अगस्त (हि.स.)। शहर में एक युवक से परेशान होकर दादी और उसकी 13 वर्षीय पोती द्वारा जहरीला पदार्थ निगलने का मामला सामने आया है। घटना में छात्रा की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसकी दादी का निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। मृतका के पिता की शिकायत और छात्रा द्वारा छोड़े गए एक पेज के नोट के आधार पर पुलिस ने कालोनी निवासी अभिषेक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं में केस दर्ज किया है।घटना 22 अगस्त की दोपहर की बताई जा रही है। जिसके बारे में सोमवार को खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार महिला अपनी 13 वर्षीय पोती के साथ हनुमान वाटिका स्थित पार्क में गई थी। दोनों ने वहां जहरीला पदार्थ निगल लिया। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को नागरिक अस्पताल पहुंचाया। छात्रा की हालत गंभीर होने पर उसे करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया, जहां रविवार की रात को उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। बुजुर्ग महिला का शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।मृतका बच्ची के पिता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी शादी वर्ष 2012 में सफीदों निवासी महिला से हुई थी। उसके दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटा और 13 वर्षीय बेटी थी। बेटी शहर के सरकारी स्कूल में छठी कक्षा में पढ़ती थी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि अभिषेक नाम के युवक के उसकी पत्नी के साथ संबंध थे और वह अक्सर उनके घर आता-जाता था। छात्रा को अपनी मां और अभिषेक के संबंधों की जानकारी थी। आरोप है कि दोनों ने उसे किसी को यह बात बताने पर जान से मारने की धमकी दी थी। छात्रा ने अपने पिता के नाम एक पेज का नोट भी छोड़ा है। इसमें उसने अपनी मां और अभिषेक के संबंधों का जिक्र करते हुए अभिषेक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने नोट को भी जांच का हिस्सा बनाया है।शिकायतकर्ता के अनुसार 12 अगस्त को अभिषेक उसकी पत्नी के साथ घर पर मौजूद था। इसी दौरान वह घर पहुंच गया और पत्नी के साथ मारपीट हुई। इसके बाद महिला अपने मायके चली गई थी। आरोप है कि इसके बाद भी अभिषेक छात्रा को धमकाता रहा और उसे किसी को कुछ नहीं बताने के लिए कहता था। परिजनों का आरोप है कि लगातार धमकियों और घर में चल रहे विवाद से नाबालिग छात्रा और उसकी दादी परेशान थीं। इसी के चलते दोनों ने 22 अगस्त को हनुमान वाटिका पार्क में जहरीला पदार्थ निगल लिया। सिविल लाइन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रमेश चंद ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत के आधार पर अभिषेक के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस शिकायत, छात्रा द्वारा छोड़े गए नोट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story