कैथल : हेड कांस्टेबल के गंभीर आरोप: डीएसपी पर फंसाने की धमकी का आरोप, एसपी ने जांच बैठाई
कैथल, 24 फ़रवरी (हि.स.)। हरियाणा पुलिस के एंटी नारकोटिक्स सेल में तैनात हेड कांस्टेबल सुनील संधू ने फेसबुक पोस्ट के जरिए अपने ही विभाग के एक डीएसपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संधू ने दावा किया है कि उन्होंने प्रशासन के निर्देश पर नशे के खिलाफ अभियान चलाया, लेकिन अब उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी जा रही है। मामले के तूल पकड़ने के बाद कैथल एसपी उपासना सिंह ने जांच के आदेश दे दिए हैं।
हेड कांस्टेबल सुनील संधू ने सोमवार रात फेसबुक पर एक पोस्ट साझा की। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि उन्होंने प्रशासन के कहने पर नशे के खिलाफ अभियान चलाया था। उन्होंने कहा कि अब उन्हें लगातार परेशान किया जा रहा है और मानसिक दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने लिखा— “मैं सच का साथ दूं या झूठ का? मुझे धमकियां मिल रही हैं। मेरा भी परिवार है, मेरे छोटे-छोटे बच्चे हैं। मेरा साथ कौन देगा?” संधू ने अपनी पोस्ट में एक डीएसपी पर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें स्मैक बेचने के झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई है। उन्होंने दावा किया कि यह धमकी एक उच्च अधिकारी की मौजूदगी में दी गई। पोस्ट में उन्होंने लिखा— “आज तो हद हो गई। डीएसपी ने मुझे झूठे केस में, स्मैक बेचने के केस में फंसाने की धमकी दी। क्या करूं, क्या न करूं, समझ से परे है। अगर मैं झूठ बोलूं तो मेरा नार्को टेस्ट करवा लो।” संधू ने खुद को भगत सिंह का वंशज बताते हुए कहा कि झूठ बोलने से उनका जमीर मर जाएगा और उनका परिवार उन्हें झूठ का साथ देने की इजाजत नहीं दे रहा।
हेड कांस्टेबल ने अपनी ईमानदारी का जिक्र करते हुए लिखा कि उन्होंने जीवन में कभी रिश्वत नहीं ली। उन्होंने चुनौती दी कि यदि किसी ने उनके नौकरी काल में उन्हें चाय तक पिलाई हो तो सामने आए। उन्होंने कहा कि वे कई दिनों से चैन की नींद नहीं सो पाए हैं। रात में उन्हें नशा बेचने वाले और युवाओं की नसों में जहर घोलने वाले दिखाई देते हैं। उन्होंने ऐसे लोगों के नाश की कामना भी की और यदि किसी का दिल दुखाया हो तो माफी मांगी।
एसपी ने जांच के आदेश दिए
मामले के सार्वजनिक होने के बाद कैथल की पुलिस अधीक्षक उपासना सिंह ने बताया कि उनके संज्ञान में यह मामला आया है। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पोस्ट में कलायत डीएसपी का नाम लिखा गया है और पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। एसपी ने बताया कि गुहला डीएसपी कुलदीप बेनीवाल को जांच के आदेश दे दिए गए हैं और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कैथल निवासी हैं सुनील संधू
सुनील संधू कैथल में ही अपने परिवार के साथ रहते हैं। उनके परिवार में पत्नी, दो छोटे बच्चे और मां हैं। उनके पिता का निधन हो चुका है।
संधू सामाजिक गतिविधियों में भी सक्रिय बताए जाते हैं। वह “मानवता विश्वास” नामक एक एनजीओ से जुड़े हैं, जिसके माध्यम से गरीब लड़कियों की शादी कराने और जरूरतमंद मरीजों के इलाज में आर्थिक सहायता करने का कार्य करते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

