कैथल: हमले के आरोपियों को पुलिस ने करवाई उठक-बैठक

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: हमले के आरोपियों को पुलिस ने करवाई उठक-बैठक


कैथल, 21 अप्रैल (हि.स.)। थाना कलायत क्षेत्र के गांव बात्ता में जमीनी विवाद को लेकर दो भाइयों पर हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

डीएसपी रोहताश कुमार ने मंगलवार को बताया कि गांव बात्ता निवासी संजीव ने शिकायत दी थी कि वह खेती-बाड़ी का काम करता है और उसका अपने पड़ोसियों के साथ करीब एक साल से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है, जो फिलहाल कोर्ट में विचाराधीन है। शिकायत के अनुसार 18 अप्रैल 2026 की शाम वह अपने भाई राजीव के साथ खेत में बने अपने ढाबे “जय बाबा राजपुरी भोजनालय” के सामने तूड़ी डलवा रहा था। इसी दौरान पंकज, अशोक और एक अन्य युवक मोटरसाइकिल पर वहां आए और उन्हें देखकर लौट गए।

कुछ देर बाद नरेंद्र, सुरेंद्र सहित अन्य आरोपी अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर लाठी, गंडासी, पिस्तौल व अन्य हथियारों के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि सभी ने मिलकर दोनों भाइयों को घेर लिया और जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। हमले में राजीव को गंभीर चोटें लगीं, जबकि दोनों भाइयों के साथ लात-घूंसे और डंडों से मारपीट की गई।

हमलावरों ने दोनों को ढाबे के अंदर जाने से भी रोका और जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। इस संबंध में थाना कलायत में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर सीआईए-1 पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गांव बात्ता निवासी सुरेंद्र, धर्मवीर, ओमबीर, सलिंद्र और आशु को गिरफ्तार कर लिया। उनकी जमकर उठक-बैठक करवाई गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि झगड़ा जमीनी विवाद के चलते हुआ। डीएसपी ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा और कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story