कैथल: स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट ने अफीम व चूरा पोस्त सहित किए दाे आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 30 मार्च (हि.स.)। नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट (एसडीयू) की टीम ने 554 ग्राम अफीम और दाे किलो 84 ग्राम चूरा पोस्त के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने साेमवार काे बताया कि एसडीयू प्रभारी एसआई मुकेश कुमार के नेतृत्व में एसआई धर्म सिंह की टीम करनाल रोड स्थित काकौत बस अड्डा क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली कि मुंदड़ी नहर पुल के पास एक महिंद्रा बोलेरो पिकअप गाड़ी खड़ी है, जिसमें सवार चालक और परिचालक के पास नशीला पदार्थ मौजूद है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। वहां खड़ी बोलेरो पिकअप में बैठे दो व्यक्तियों को काबू किया गया। उनकी पहचान भेरूलाल और रोशन लाल के रूप में हुई, जो मूल रूप से हरनाथपुरा, जिला चित्तौड़गढ़ (राजस्थान) के निवासी हैं और वर्तमान में कैथल की राधा स्वामी कॉलोनी में किराये पर रह रहे थे।

मौके पर पूंडरी के नायब तहसीलदार अंशुल की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान एक पॉलिथीन से 554 ग्राम अफीम और दूसरी पॉलिथीन से दाे किलो 84 ग्राम चूरा पोस्त बरामद किया गया। इस संबंध में थाना पुंडरी में मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story