कैथल: स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधियाें में शामिल संचालक का सहयोगी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 02 अप्रैल (हि.स.)। जिले में असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत स्पा सेंटर में अनैतिक कार्य करवाने के मामले में पुलिस ने संचालक के सहयोगी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हिसार निवासी भरत कुमार के रूप में हुई है जाे स्पा सेंटर संचालक का सहयोगी बताया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए डीएसपी मुख्यालय बीर भान सिंह की देखरेख में मामले की जांच की गई। पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार काे बताया कि दुर्गा शक्ति टीम की एएसआई श्वेता को गुप्त सूचना मिली थी कि पुराना बस स्टेंड के पास ‘स्पा एंड हेल्थ केयर सेंटर’ के नाम से चल रहे स्पा में अनैतिक गतिविधियां करवाई जा रही हैं। सूचना के मुताबिक, सफीदो (जींद) निवासी रवि कुमार और हिसार निवासी भरत कुमार बाहरी लड़कियों को बुलाकर ग्राहकों के साथ देह व्यापार करवाते थे और इसके एवज में मोटी रकम वसूलते थे।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने स्पा सेंटर पर दबिश दी। मौके पर सात महिलाएं और दाे पुरुष पाए गए। पूछताछ में उन्होंने बताया कि उन्हें फोन कर स्पा सेंटर में बुलाया गया था, जहां उनसे अनैतिक कार्य करवाए जा रहे थे। इस संबंध में थाना सिविल लाइन में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी भरत कुमार को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य संचालक रवि कुमार की तलाश जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story