कैथल: सांसद नवीन जिंदल की अफसरों को चेतावनी, काम समय पर व गुणवत्ता से पूरा करें

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: सांसद नवीन जिंदल की अफसरों को चेतावनी, काम समय पर व गुणवत्ता से पूरा करें


कैथल, 22 जुलाई (हि.स.)। सांसद नवीन जिंदल ने जिला विकास, समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक में बुधवार काे अधिकारियों को साफ संदेश दिया कि विकास कार्यों में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने कहा कि बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित किया जाए और जो समय-सीमा अधिकारी बता रहे हैं, उसके बाद कार्यों की समीक्षा भी की जाएगी।

बुधवार को हुई बैठक में सांसद ने केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। सरकार बजट की कमी नहीं आने देती, इसलिए जिम्मेदारी अधिकारियों की है कि हर परियोजना तय मानकों के अनुसार पूरी हो।

बैठक में सांसद ने घोषणा की कि जिले के सभी 25 खेल स्टेडियमों का आधुनिकीकरण कराया जाएगा। सरकार की ओर से मिलने वाली सुविधाओं के अलावा जरूरत पड़ने पर वे अपने स्तर से भी संसाधन उपलब्ध कराएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि कुरुक्षेत्र की तर्ज पर कैथल में एलिवेटेड ट्रैक बनवाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। यहां के लोग नहीं चाहते कि आरओबी बने। उनका कहना है कि आरओबी बनने से उन्हें परेशानी होगी। इसलिए जन भावनाओं का ध्यान रखते हुए एलिवेटेड रेलवे ट्रैक बनवाने का पूरा प्रयास करेंगे।

कैथल-चीका रोड पर जताई नाराजगी

सांसद ने कैथल-चीका रोड की खराब स्थिति पर नाराजगी जताई। अधिकारियों द्वारा सड़क को ठीक बताए जाने के बावजूद शिकायतें मिलने पर उन्होंने सड़क की वास्तविक स्थिति की रिपोर्ट तलब की और पूरी सड़क की वीडियोग्राफी कराने के निर्देश दिए। साथ ही पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को जल्द मरम्मत कर लोगों को राहत देने को कहा।

इसके अलावा घोघ-रामथली, भागल-मैंगड़ा, डंडौता-बाउपुर, हरसौला-सिसला, तितरम चौक-सिग्नस अस्पताल, डीग-रमाना-रमानी, संगरौली-साकरा, कौल, ढांड-कुरुक्षेत्र, चंदाना गेट-फ्रांसवाला, हरसौला-सौंगल और राजौंद क्षेत्र की विभिन्न सड़कों की भी समीक्षा कर निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।

लाइब्रेरी, पशु विश्वविद्यालय और एसटीपी पर भी फोकस

सांसद ने क्योड़क में निर्माणाधीन लाइब्रेरी और लाला लाजपत राय पशु विश्वविद्यालय के रीजनल सेंटर का काम जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति से फोन पर बात कर परियोजना में तेजी लाने को कहा।

राजौंद के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) को जल्द शुरू करने तथा बालू, बात्ता और मटौर गांवों में महाग्राम योजना के तहत प्रस्तावित एसटीपी के लिए जमीन उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।

स्वच्छता, शिक्षा और प्राकृतिक खेती पर निर्देश

बैठक में स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सांसद ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी किसी भी हालत में स्वीकार्य नहीं है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story