कैथल: सरकारी पाइप लाइन पर मजदूर बनकर आए, लाखों का सामान किया चोरी
कैथल, 19 मई (हि.स.)। जिले के गांव रसूलपुर में पेयजल पाइप लाइन बिछाने के काम के दौरान एक सुनियोजित चोरी का मामला सामने आया है, जिसमें मजदूर बनकर आए लोगों ने ही पूरी पाइप लाइन पर हाथ साफ कर दिया। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और वारदात में इस्तेमाल किया गया कैंटर भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, गांव बरटा निवासी ठेकेदार कुलदीप सिंह को जन स्वास्थ्य विभाग की ओर से रसूलपुर में करीब सात किलोमीटर लंबी पाइप लाइन बिछाने का काम मिला था। काम के लिए पाइप पहले ही साइट पर पहुंचा दिए गए थे। इसी दौरान एक व्यक्ति ने मजदूर उपलब्ध कराने की बात कहकर तीन लोगों को काम पर भेज दिया।
तीन दिन तक सब कुछ सामान्य चलता रहा और मजदूर पाइप लाइन दबाने का काम करते रहे, लेकिन 15 मई की रात को उन्होंने मौका पाकर पूरी पाइप लाइन को कैंटर में लोड किया और फरार हो गए। अगली सुबह जब ग्रामीणों को इसकी भनक लगी तो ठेकेदार को सूचना दी गई। संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन आरोपियों के फोन बंद मिले।
मामला सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और एंटी नारकोटिक सैल की टीम ने कार्रवाई करते हुए पलवल जिले के गांव बौराका निवासी विजीद उर्फ वजा को काबू कर लिया। पूछताछ के दौरान वारदात में इस्तेमाल किया गया कैंटर भी बरामद कर लिया गया। पुलिस अब इस पूरे गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है, ताकि चोरी की बाकी पाइप लाइन और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

