कैथल: शहीदों की प्रतिमाएं हटाने पर पूर्व सैनिकों में रोष

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: शहीदों की प्रतिमाएं हटाने पर पूर्व सैनिकों में रोष


कैथल, 10 अगस्त (हि.स.)। शहीदों की प्रतिमाओं को जिला परिषद परिसर से हटाए जाने के आरोप को लेकर पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों में रोष है। पूर्व सैनिक वेलफेयर एसोसिएशन कैथल के नेतृत्व में पूर्व सैनिकों ने सोमवार को रोष प्रदर्शन किया। लघु सचिवालय पहुंचकर ड्यूटी मजिस्ट्रेट के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की।एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि मातृभूमि की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीदों की स्मृति को सम्मान देने के लिए सरकार की ओर से हर घर तिरंगा महोत्सव मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में एसोसिएशन ने जिला परिषद परिसर में लंबे समय से रखी शहीदों की प्रतिमाओं पर 10 अगस्त को तिरंगा फहराकर श्रद्धांजलि देने की अनुमति मांगी थी। पूर्व सैनिकों का आरोप है कि इसके बाद जिला परिषद परिसर से इन प्रतिमाओं को हटा दिया गया, जिससे शहीद परिवारों और पूर्व सैनिकों को वहां श्रद्धांजलि देने का अवसर नहीं मिल सका।पूर्व सैनिकों ने पहले जिला परिषद में शहीदों की तस्वीरें मंगवाईं और उन्हें माल्यार्पण कर तिरंगा लगाया तथा पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके बाद पूर्व सैनिकों और शहीद परिवारों ने रोष प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय तक मार्च किया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। एसोसिएशन प्रधान जगजीत सिंह ने कहा कि देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीरों का सम्मान हर नागरिक का कर्तव्य है। पूर्व सैनिक अपने उन वीर पूर्वजों का अपमान किसी भी सूरत में सहन नहीं करेंगे, जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए। उन्होंने कहा कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो एसोसिएशन की बैठक बुलाकर आगे की रणनीति तय की जाएगी। प्रदर्शन में एयरफोर्स वेटर्न्स के जिला प्रधान एचएफओ भीम सिंह गिल, एचएसओ महेंद्र सिंह राणा, कैप्टन मुख्तार सिंह जांगड़ा, सूबेदार मेजर रामफल चहल, हवलदार मदन चहल, कैप्टन बलजीत मोर, सूबेदार मेजर खजान सिंह, कैप्टन रवि दत्त शर्मा, दफेदार राजाराम, डब्ल्यूओ राजपाल कुंडू, हवलदार थान सिंह, मास्टर रणबीर सेरदा, कैप्टन मोहन करोड़ा, एलडी बलदेव सिंह, नायक भले राम राठी, हवलदार रुलदू राम, सूबेदार धर्मवीर सिंह सहित बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक और शहीद परिवारों के सदस्य मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story