कैथल: वैश्विक तनाव के बीच प्रशासन की अनूठी पहल, सोशल मीडिया के ‘मीम्स’ बने जागरूकता का हथियार
कैथल, 01 अप्रैल (हि.स.)। वैश्विक स्तर पर अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए कैथल जिला प्रशासन ने एक पहल की है। डीसी अपराजिता के नेतृत्व में प्रशासन ने आमजन तक सही एवं पुख्ता जानकारी पहुंचाने और अफवाहों पर रोक लगाने के लिए सोशल मीडिया ‘मीम्स’ को अपनाया है।
डिजिटल युग में तेजी से फैलती भ्रामक सूचनाओं और कालाबाजारी की आशंकाओं को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने पारंपरिक तरीकों से हटकर युवाओं की भाषा में संवाद स्थापित करने की रणनीति अपनाई है। इसके तहत लोकप्रिय फिल्मी किरदारों और चर्चित डायलॉग्स का उपयोग कर लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है। इन मीम्स पोस्टरों में बॉलीवुड के चर्चित किरदारों का प्रभावशाली उपयोग किया गया है, जो लोगों का ध्यान खींचने के साथ-साथ गंभीर संदेश भी दे रहे हैं।
कालाबाजारी जैसे गंभीर विषय पर प्रहार करते हुए मीम्स में एलपीजी की जमाखोरी करने वालों को सख्त चेतावनी दी गई है कि यह ‘रिस्क’ भरा काम है। वहीं, ‘हेरा फेरी’ के मशहूर किरदाराें से किसानों को यूरिया और डीएपी के स्थान पर प्राकृतिक खाद अपनाने का संदेश मस्त प्लान के रूप में दिया गया है।
अफवाहों पर रोक लगाने के उद्देश्य से करीना कपूर के किरदार के जरिए लोगों को यह समझाया गया है कि गैस और पेट्रोल की उपलब्धता को लेकर केवल आधिकारिक स्रोतों पर ही भरोसा करें। प्रशासन का मानना है कि वैश्विक घटनाओं का स्थानीय स्तर पर भी असर पड़ सकता है, ऐसे में समय रहते जागरूकता बेहद जरूरी है। मीम्स के माध्यम से दिए जा रहे संदेश न केवल आसानी से समझ में आते हैं, बल्कि तेजी से सोशल मीडिया पर फैलते भी हैं, जिससे व्यापक जनसमूह तक बिना अतिरिक्त संसाधनों के प्रभावी पहुंच बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
डीसी अपराजिता ने स्पष्ट किया कि किसी भी संकट की स्थिति में सबसे बड़ा खतरा अफवाहों और घबराहट से होता है। बदलते समय में जागरूकता फैलाने के तरीके भी आधुनिक होने चाहिए। इसलिए प्रशासन का फोकस सही सूचना समय पर उपलब्ध कराना है। मीम्स जैसे सरल लेकिन प्रभावशाली माध्यम के जरिए प्रशासन आमजन को जागरूक करने का प्रयास कर रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

