कैथल : विधायक ने फसल खरीद व्यवस्था का लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
कैथल : विधायक ने फसल खरीद व्यवस्था का लिया जायजा


कैथल, 16 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा में किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के दावे के बीच पूंडरी के विधायक सतपाल जांबा ने ढांड-पूंडरी स्थित साइलो पर पहुंचकर फसल खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर खरीद प्रक्रिया की निगरानी की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

विधायक सतपाल जांबा ने दिन के साथ-साथ बुधवार रात तक साइलो में मौजूद रहकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। वह शाम सात बजे से लेकर रात दाे बजे तक मौके पर रहे और किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। कई मामलों में उन्होंने तुरंत समाधान भी सुनिश्चित करवाया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था, गेट पास प्रक्रिया, फसल की तौल, मॉइश्चर जांच और भुगतान प्रणाली को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पूरी खरीद प्रक्रिया पारदर्शी, तेज और व्यवस्थित ढंग से संचालित होनी चाहिए ताकि किसानों को समय पर उनकी फसल का उचित मूल्य मिल सके।

आंकड़ों के अनुसार 13 अप्रैल से 16 अप्रैल तक 2188 ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से करीब 20,059 मीट्रिक टन अनाज की आवक दर्ज की गई, जिसकी खरीद सुनिश्चित की गई। यह दर्शाता है कि साइलो पर खरीद प्रक्रिया तेज गति से जारी है।

उन्होंने कहा कि अन्नदाता देश की रीढ़ है और उनकी सुविधा, सेवा और सम्मान सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सरकार और जनप्रतिनिधि पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। इस दौरान ढांड मंडी प्रधान दीपक शर्मा, पुलिस प्रशासन के अधिकारी, संबंधित विभागों के कर्मचारी और विधायक के सहयोगी भी मौके पर मौजूद रहे और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में सहयोग किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story