कैथल: विदेश में युवाओं की मौत पर सरकार दे जवाब:आदित्य सुरजेवाला

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: विदेश में युवाओं की मौत पर सरकार दे जवाब:आदित्य सुरजेवाला


कैथल: विदेश में युवाओं की मौत पर सरकार दे जवाब:आदित्य सुरजेवाला


कैथल, 25 मार्च (हि.स.)। विदेश में कैथल जिले के युवाओं की मौत के मामले में कांग्रेस विधायक आदित्य सुरजेवाला ने इन घटनाओं को प्रदेश में रोजगार संकट का परिणाम बताते हुए सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्हाेंने कहा कि जिले के गांव करोड़ा निवासी 27 वर्षीय सुनील की अमेरिका में हार्ट अटैक से जान चली गई। वहीं रिवाड़ जागीर निवासी दीपक की भी स्पेन में मौत हो गई। इन युवाओं के परिजनों ने बेहतर भविष्य की उम्मीद में कर्ज लेकर या जमीन बेचकर उन्हें विदेश भेजा था, लेकिन वे वापस नहीं लौट सके।

विधायक सुरजेवाला ने कहा कि ये घटनाएं अलग-अलग देशों में हुईं, लेकिन इनकी जड़ एक ही है—हरियाणा में युवाओं को रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिल रहे। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी के कारण परिवार कर्ज के बोझ तले दब रहे हैं और युवा जोखिम भरे हालात में विदेश जाने को मजबूर हो रहे हैं।मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से जवाब मांगते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में लाखों सरकारी पद खाली पड़े हैं, लेकिन उनकी भर्ती नहीं हो रही। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर क्यों हरियाणा के युवा 20 से 40 लाख रुपये तक का कर्ज लेकर विदेशों में मजदूरी करने या जान जोखिम में डालने को मजबूर हैं। सुरजेवाला ने कहा कि हरियाणा कौशल रोजगार निगम (एचकेआरएन) पोर्टल पर लाखों युवा पंजीकृत हैं, लेकिन रोजगार के अवसर सीमित हैं। इसके अलावा सरकारी भर्तियों में देरी और पेपर लीक जैसी घटनाओं ने युवाओं के सपनों को झटका दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story