कैथल में शादी के दो महीने बाद युवक ने सल्फास खाया, हुई माैत
कैथल, 12 जून (हि.स.)। जिले के गांव खेड़ी शेरखां निवासी 30 वर्षीय युवक ने शादी के महज दो महीने बाद कथित तौर पर मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर सल्फास खाकर आत्महत्या कर ली। मृतक द्वारा छोड़े गए दो पेज के सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार काे जीजा समेत तीन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मृतक अमन के पिता शमशेर सिंह की शिकायत के अनुसार, उसकी बेटी की शादी गांव डूमरखां निवासी दीपक के साथ हुई थी। करीब छह महीने पहले दीपक ने अमन को रेलवे में टीटी की नौकरी दिलवाने का झांसा दिया और उससे साढ़े तीन लाख रुपये ले लिए। आरोप है कि पैसे लेने के बाद दीपक अमन को बीकानेर ले गया, जहां उसे रेलवे में ठेके पर सफाई कार्य में लगा दिया गया और भरोसा दिलाया गया कि जल्द ही उसे टीटी बना दिया जाएगा।
इसी बीच आठ अप्रैल 2026 को अमन की शादी हांसी के जमौड़ी गांव निवासी किरण से कर दी गई। शादी के कुछ समय बाद दीपक ने लड़की पक्ष को बताया कि अमन टीटी नहीं बल्कि ठेके पर कार्यरत है। इसके चलते पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ गया और पत्नी मायके चली गई। इस घटनाक्रम के बाद अमन मानसिक रूप से परेशान रहने लगा।
10 जून की सुबह अमन ने घर में सल्फास निगल लिया। उसकी बहन ज्योति ने उसे कमरे में उल्टियां करते देखा, जिसके बाद परिजन उसे नागरिक अस्पताल नरवाना ले गए। हालत गंभीर होने पर उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मृतक के पास से मिले सुसाइड नोट में उसने अपनी मौत के लिए जीजा दीपक, उसके पिता बलवंत और पत्नी के मामा जयभगवान को जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने तीनों आरोपितों के खिलाफ राजौंद थाना में केस दर्ज कर लिया है। किठाना चौकी इंचार्ज पीएसआई रोहित ने बताया कि मामले की जांच जारी है और सुसाइड नोट की हैंडराइटिंग की भी जांच करवाई जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

