कैथल में वक्फ बोर्ड की जमीन पर कब्जे की कोशिश, तीन पर केस दर्ज
कैथल, 05 फ़रवरी (हि.स.)। जिले के पूंडरी कस्बे में वक्फ बोर्ड की जमीन पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने बोर्ड की संपत्ति पर दीवार खड़ी कर कब्जा करने का प्रयास किया। मामले की जानकारी मिलते ही वक्फ बोर्ड के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य रुकवाया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
वक्फ बोर्ड कैथल के सहायक अधिकारी नसीम अहमद ने पूंडरी थाने में दी शिकायत में बताया कि हाबड़ी रोड स्थित वक्फ बोर्ड की जमीन पर कई वैध किराएदार वर्षों से कारोबार कर रहे हैं और नियमित रूप से किराया अदा कर रहे हैं। इसी संपत्ति में किराएदार सौरभ को करीब 16 वर्ग गज भूमि व्यावसायिक उपयोग के लिए आवंटित की गई थी। शिकायत के अनुसार चार फरवरी की रात को सुरेश, साहिल और सतीश ने सौरभ के खोखे को जबरन हटा दिया और वक्फ संपत्ति पर अवैध अतिक्रमण करने की कोशिश की। आरोप है कि इन लोगों ने न सिर्फ उक्त खोखे को हटाया, बल्कि अन्य दुकानों पर भी कब्जा जमाने का प्रयास किया। वक्फ बोर्ड ने पुलिस से वैध किराएदारों के कब्जे की सुरक्षा सुनिश्चित करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में पूंडरी चौकी प्रभारी ऋषि ने बताया कि शिकायत के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

