कैथल में बल्ले से भिड़ेंगे सुराें के याेद्धा व सुरीले सूरमा, कलाकार क्रिकेट लीग की जर्सी लांच

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 06 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणवी कलाकारों की बहुप्रतीक्षित “केसीएल” (कलाकार क्रिकेट लीग) का काउंटडाउन पूरा हो चुका है। सोमवार को एनआईआईएलएम यूनिवर्सिटी में भव्य कार्यक्रम के दौरान चारों टीमों की जर्सी लांच कर लीग का आगाज कर दिया गया है। लीग के पहले दिन मंगलवार काे दाे मैच खेले जाएंगे। पहले दिन सुबह सात बजे पहला मैच मस्त कलंदर और सुरीले सूरमा टीम के बीच खेला जाएगा। दाेपहर बाद दाे बजे से दूसरा मैच वीर वाॅरियर्स और यंग याेद्धा टीम के बीच हाेगा।

लीग में यंग योद्धा, सुरीले सूरमा, मस्त कलंदर और वीर वॉरियर्स टीमें हिस्सा ले रही हैं। यंग योद्धा की कप्तानी सुरेंद्र रोमियो, सुरीले सूरमा की अमित ढुल, मस्त कलंदर की मनजीत पांचाल और वीर वॉरियर्स की कमान यूके हरियाणवी कर रहे हैं।

जर्सी लॉन्च कार्यक्रम में टीम के कप्तानाें ने नई जर्सी पहनकर एंट्री की, जिससे आयोजन स्थल पर आईपीएल जैसी झलक देखने को मिली, जहां कलाकार खिलाड़ी बनकर मैदान में उतरने के लिए तैयार नजर आए। इस मौके पर आयोजक जीत घणघस और अमित ढुल ने बताया कि केसीएल का मुख्य उद्देश्य हरियाणवी कलाकारों के बीच आपसी मेलजोल और भाईचारा बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि कलाकार अपने काम में व्यस्त रहने के कारण एक-दूसरे से कम मिल पाते हैं, जिससे दूरियां और गलतफहमियां भी पैदा हो जाती हैं। ऐसे में यह क्रिकेट लीग एक ऐसा मंच है, जहां सभी कलाकार एक साथ आकर खेल के माध्यम से जुड़ सकते हैं। केसीएल के डायरेक्टर डा. बलविंद्र ढुल ने कहा कि कैथल के लिए यह गर्व की बात है कि इतने बड़े स्तर पर कलाकार यहां एकत्रित हो रहे हैं। चार दिन तक चलने वाले इस आयोजन में खेल के साथ मनोरंजन का भी भरपूर तड़का देखने को मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story