कैथल में एसपी के निर्देश,लंबित मामलाें काे जल्द निपटाएं पुलिस अधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
कैथल में एसपी के निर्देश,लंबित मामलाें काे जल्द निपटाएं पुलिस अधिकारी


कैथल, 16 मार्च (हि.स.)। जिला पुलिस लाइन कैथल में सोमवार को पुलिस अधीक्षक उपासना की अध्यक्षता में क्राइम मीटिंग आयोजित की गई। बैठक में जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे और पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। एसपी उपासना ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गंभीर व जघन्य अपराधों की जांच में तेजी लाई जाए और समयबद्ध तरीके से मामलों का निपटारा किया जाए। हत्या, हत्या के प्रयास, दुष्कर्म, पोक्सो और अन्य हिंसक अपराधों के मामलों में आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि पुलिस का पहला कर्तव्य अपराधियों को पकड़कर आमजन को सुरक्षित माहौल देना है।

एसपी ने थाना व चौकी स्तर पर आने वाले परिवादियों के साथ मधुर एवं शालीन व्यवहार करने और उनकी शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई कर न्याय दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस कर्मचारियों को भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाने के लिए भी कहा गया। बैठक में साइबर अपराधों पर नियंत्रण को लेकर भी चर्चा की गई और संबंधित मामलों को जल्द सुलझाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा उद्घोषित अपराधियों, बेल जम्परों और वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाने तथा सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों के अनुसार उनकी संपत्तियों की कुर्की करने के निर्देश भी दिए गए।

एसपी उपासना ने नशा मुक्ति अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि नशा मुक्त गांव और वार्डों में नशा करने वालों की पहचान कर उनकी लत छुड़वाने के प्रयास किए जाएं। बैठक में सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद करने, क्षेत्र में अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगवाने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। एसपी ने सभी अधिकारियों को अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के निपटारे और बेहतर पुलिसिंग के लिए गंभीरता से काम करने के निर्देश दिए। बैठक में डीएसपी बीरभान, डीएसपी ललित कुमार, डीएसपी गुरविंद्र सिंह, डीएसपी कुलदीप बेनीवाल और डीएसपी सुशील प्रकाश सहित सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और विभिन्न क्राइम यूनिट के इंचार्ज मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story