कैथल : मुठभेड़ के बाद 3 बदमाश काबू, एक फरार
कैथल, 13 जून (हि.स.)। जिले में आपराधिक वारदातों को अंजाम देने वाले बदमाशों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के बाद तीन आरोपियों को काबू कर लिया, जबकि एक आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फरार आरोपी की तलाश में कई घंटों तक सघन सर्च ऑपरेशन चलाया।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने शनिवार को बताया कि 12 जून की देर रात पुलिस को सूचना मिली कि हथियारों से लैस चार युवक कलायत क्षेत्र के एक होटल में लूटपाट का प्रयास कर चुके हैं। इसके बाद उन्होंने कैथल शहर में एक युवक से पिस्तौल की नोक पर स्कूटी और नकदी भी छीन ली। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने विभिन्न टीमों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए।
पुलिस की स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट, सीआईए-1, एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ और कलायत पुलिस की संयुक्त टीमों ने भैणी माजरा शुगर मिल के पास स्कूटी सवार चार युवकों को घेर लिया और आत्मसमर्पण करने को कहा। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी और अलग-अलग दिशाओं में भागने लगे। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने तीन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जींद जिले के गांव खांडा खेड़ी निवासी साहिल और अंकित तथा हिसार जिले के मिरपुर निवासी अशोक उर्फ गोलू के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान तीनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना के बाद पुलिस ने भैणी और शुगर मिल कॉलोनी क्षेत्र में कई घंटों तक सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन एक आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस का कहना है कि उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने कलायत की घटना से पहले अग्रोहा में एक दुकान से करीब 40 हजार रुपये की लूट की थी। इसके अलावा करीब 15-20 दिन पहले चंडीगढ़ में भी 20 हजार और 50 हजार रुपये की दो लूट की वारदातों को अंजाम देने की बात सामने आई है।
कलायत के होटल में घुसे बदमाशों ने वहां मौजूद कर्मचारियों के साथ मारपीट की और कैश काउंटर खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन होटल मालिक और स्टाफ ने साहस दिखाते हुए उनका मुकाबला किया, जिससे बदमाशों को वहां से भागना पड़ा।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के लिए कोई जगह नहीं है और इस तरह की वारदातों में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

