कैथल: मानसून से पहले ड्रेनों की सफाई में लापरवाही पर सख्ती, डीसी ने लिया जायजा

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: मानसून से पहले ड्रेनों की सफाई में लापरवाही पर सख्ती, डीसी ने लिया जायजा


कैथल, 25 मई (हि.स.)।जिले में मानसून से पहले ड्रेनों और नालों की सफाई को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। सोमवार को उपायुक्त अपराजिता ने कैथल और कलायत क्षेत्र का दौरा कर सफाई कार्यों का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों को समय रहते सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

सुबह के समय डीसी गांव नरड़ के पास अमीन ड्रेन पुल पर पहुंचीं, जहां सिंचाई विभाग द्वारा चल रहे सफाई कार्य का जायजा लिया। अधिकारियों से काम की प्रगति के बारे में जानकारी लेने के बाद उन्होंने निर्देश दिए कि ड्रेनों में किसी भी प्रकार की रुकावट नहीं रहनी चाहिए, ताकि बरसात के दौरान जलभराव की स्थिति न बने।

इसके बाद उन्होंने कलायत में पूंडरी ड्रेन से सिरसा ब्रांच में पानी लिफ्ट करने वाले पंप हाउस का निरीक्षण किया। यहां मशीनों की स्थिति, साफ-सफाई और रखरखाव पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। ड्रेन में फैली जलकुंभी को तुरंत हटाने और पंप हाउस को पूरी तरह क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए। डीसी ने बिजली आपूर्ति और अन्य जरूरी सुविधाओं की भी जानकारी ली, ताकि जरूरत पड़ने पर कोई बाधा न आए।

कैथल शहर में खनौरी रोड स्थित सिल्लाखेड़ा ड्रेन का निरीक्षण करते हुए टूटी रेलिंग पर डीसी ने नाराजगी जताई। उन्होंने तुरंत मरम्मत करवाने और आसपास पड़े मलबे को हटाने के आदेश दिए, ताकि किसी हादसे की संभावना न रहे। साथ ही सफाई कार्य को तय समय सीमा में पूरा करने पर जोर दिया।

मानस रोड के नाले का निरीक्षण करते हुए डीसी ने जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सफाई के बाद निकली गंदगी को तुरंत उठाकर निर्धारित स्थान पर डंप किया जाए, क्योंकि नालों के किनारे छोड़ा गया कचरा दोबारा अवरोध पैदा करता है।

डीसी ने स्पष्ट किया कि मानसून से पहले सभी ड्रेनों और नालों की सफाई हर हाल में पूरी होनी चाहिए। जहां जरूरत हो, वहां मनरेगा के तहत अतिरिक्त श्रमिक लगाकर कार्य को तेजी से पूरा किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story