कैथल: महिला हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: महिला हत्या के आरोप में पति गिरफ्तार


कैथल, 08 मई (हि.स.)। शहर थाना पुलिस ने महिला की हत्या के मामले में कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस प्रवक्ता ने शुक्रवार काे बताया कि नरवाना निवासी अमन की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसकी बड़ी बहन कविता की शादी करीब 10 वर्ष पहले अर्जुन नगर, कैथल निवासी सोनू के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे लगातार प्रताड़ित किया जाता था और कई बार मारपीट कर मायके भेज दिया जाता था।

27 अप्रैल को आरोपी सोनू ने फोन कर सूचना दी थी कि कविता बाथरूम में गिर गई है और उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना मिलने पर परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उपचार के दौरान कविता ने अपने भाई को बताया कि उसका पति उसके चरित्र पर शक करता था और इसी बात को लेकर पति सोनू, ससुर श्याम लाल, सास अंग्रेजो और देवर मोनू ने मिलकर उसके साथ डंडों से मारपीट की थी। साथ ही आरोपियों ने उसे किसी को सच्चाई बताने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी थी।

हालत बिगड़ने पर कविता को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन स्वास्थ्य में सुधार नहीं हुआ। छह मई को तबीयत ज्यादा खराब होने पर उसे दोबारा सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में थाना शहर कैथल में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति सोनू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और इसी कारण उसने उसके साथ मारपीट की।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story