कैथल: मंडी व्यवस्थाओं में लापरवाही पर डीसी सख्त, ठेकेदारों को नोटिस जारी
कैथल, 23 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के कैथल की अनाज मंडियों में व्यवस्थाओं को लेकर सामने आए मुद्दों पर डीसी अपराजिता ने कड़ा संज्ञान लिया है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मंडियों में सभी मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं और सीजन के दौरान किसी भी किसान या मजदूर को परेशानी न हो। साथ ही व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी के भी निर्देश दिए गए हैं।
मंडी की अव्यवस्थाओं पर डीसी ने मार्केट कमेटी सचिव से जवाब तलब किया। इस पर सचिव ने स्पष्टीकरण देते हुए बताया कि मंडियों में किसानों और मजदूरों के लिए सभी सुविधाएं सुचारू रूप से संचालित हैं। पुरानी अनाज मंडी में सीजन के दौरान कर्मचारी 24 घंटे ड्यूटी पर तैनात रहते हैं, जिसकी पुष्टि सीसीटीवी फुटेज से भी की जा सकती है।
कूड़ा उठान में देरी को लेकर बताया गया कि मंडी शहर के बीच स्थित होने के कारण बड़े वाहन अंदर नहीं पहुंच पाते। ऐसे में कचरे को एक स्थान पर एकत्र किया गया है, जिसे जल्द उठवा लिया जाएगा। इस मामले में संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
नई अनाज मंडी के बाहर का क्षेत्र नगर परिषद के अधिकार क्षेत्र में आता है, जबकि मंडी परिसर में स्ट्रीट लाइटें पूरी तरह कार्यरत हैं। ड्यूटी के दौरान सोते हुए पाए गए व्यक्ति को लेकर स्पष्ट किया गया कि वह कमेटी का कर्मचारी नहीं बल्कि निजी चौकीदार था, जबकि कमेटी कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर तैनात थे।
तीनों मंडियों में वाटर कूलर सुचारू रूप से चल रहे हैं और किसानों को ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है। शौचालय बंद मिलने के मामले में बताया गया कि संबंधित कर्मचारी पारिवारिक आपात स्थिति के कारण कुछ समय के लिए अनुपस्थित था, हालांकि वह उसी रात ड्यूटी पर लौट आया। इस मामले में भी ठेकेदार से लिखित स्पष्टीकरण मांगा गया है।
मंडी में संचालित अटल किसान एवं श्रमिक कैंटीन सरकार द्वारा निर्धारित समयानुसार सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक संचालित की जा रही है। फिलहाल रात्रि में कैंटीन संचालन के कोई निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

