कैथल: बैंक कर्मचारी बनकर साइबर ठगी, हरसौला निवासी से 5.84 लाख रुपये हड़पे

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जिले में साइबर ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब गांव हरसौला निवासी एक व्यक्ति को बैंक कर्मचारी बनकर फोन करने वाले अज्ञात व्यक्ति ने अपने जाल में फंसाकर पांच लाख 84 हजार 991 रुपये की ठगी कर ली। आरोपित ने ऑनलाइन एप डाउनलोड करवाकर धोखाधड़ी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित को जब अपने साथ हुई ठगी का पता चला तो उसने साइबर थाना पुलिस में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार काे अज्ञात आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में गांव हरसौला निवासी दिलबाग सिंह ने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने उससे बैंक कर्मचारी बनकर संपर्क किया। आरोपित ने फोन पर इस तरह बातचीत की कि वह उसकी बातों में आ गया। इसके बाद आरोपित ने उसे एक ऑनलाइन एप फाइल डाउनलोड करने के लिए कहा। शिकायत के अनुसार, एप डाउनलोड करवाने के बाद आरोपित ने उसे अपने जाल में फंसा लिया और ऑनलाइन माध्यम से उसके खाते से 5 लाख 84 हजार 991 रुपये की राशि हड़प ली। शिकायतकर्ता के मुताबिक, छह अक्टूबर से सात अक्टूबर के बीच उसके साथ ऑनलाइन धोखाधड़ी की गई। इस दौरान उसके साथ कुल 5,84,991 रुपये की ठगी हुई। जब उसे अपने साथ हुई धोखाधड़ी का पता चला तो उसने मामले की शिकायत साइबर थाना पुलिस को दी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

मामले के जांच अधिकारी इंस्पेक्टर साहिल ने बताया कि शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के दौरान ऑनलाइन ठगी से जुड़े तथ्यों और लेनदेन की पड़ताल की जाएगी, ताकि मामले में संलिप्त आरोपित का पता लगाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story