कैथल: फेसबुक मैसेंजर के जरिए साइबर ठगी के दो आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 15 अप्रैल (हि.स.)।

जिला पुलिस ने फेसबुक मैसेंजर के जरिए एक लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले की जांच थाना साइबर क्राइम प्रभारी एसआई रणदीप सिंह के नेतृत्व में एएसआई नरेश कुमार की टीम द्वारा की जा रही थी। जांच के दौरान बलराज नगर गोहाना जिला सोनीपत निवासी दीपक कुमार और गांव गांगुली जिला जींद (हाल रोहतक) निवासी मोनू को काबू किया गया।

गांव पाबसर निवासी छैलूराम ने शिकायत में बताया कि चार अप्रैल 2026 को उसके फेसबुक मैसेंजर पर लावी अमेरिका नाम की आईडी से मैसेज आया, जिसमें उसके रिश्तेदार पोते की फोटो लगी हुई थी। आरोपी ने खुद को उसका पोता बताकर बातचीत शुरू की और पैसों की जरूरत बताई।

शिकायतकर्ता ने भरोसे में आकर अपने बैंक खाते की जानकारी सांझा कर दी। इसके बाद एक विदेशी नंबर से कॉल आई, जिसमें खुद को अंतरराष्ट्रीय बैंक कर्मचारी बताकर नाै लाख 40 हजार रुपये ट्रांसफर होने का झूठा दावा किया गया और फर्जी रसीद भी भेजी गई।

जांच में सामने आया कि आरोपी दीपक ने कमीशन के बदले अपनी पत्नी का बैंक खाता ठगी के लिए उपलब्ध कराया था। आरोपी मोनू की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी मोनू से पूछताछ के लिए अदालत से दो दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया है, जबकि दीपक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story