कैथल: फायरिंग केस में आरोपियों को पकड़ने वाली टीम सम्मानित, एसपी ने दिया प्रशंसा पत्र
कैथल, 27 अप्रैल (हि.स.)।
जिला पुलिस द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए पुलिस अधीक्षक कार्यालय में स्पेशल डिटेक्टिव यूनिट की टीम को सम्मानित किया गया। एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने चीका स्थित मोबाइल दुकान पर फायरिंग मामले में आरोपियों को पकड़ने में सराहनीय कार्य के लिए टीम को प्रशंसा पत्र प्रदान किए।
सम्मानित किए गए पुलिसकर्मियों में टीम प्रभारी इंस्पेक्टर सुनील कुमार, एसआई पारस, एएसआई तरशेम कुमार, एएसआई संदीप कुमार, हेड कांस्टेबल देवेंद्र, बुटा सिंह, राजीव सहित अन्य सदस्य शामिल रहे। इसके अलावा साइबर सैल इंचार्ज एएसआई राकेश को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि उक्त टीम ने बहादुरी का परिचय देते हुए चीका मोबाइल दुकान फायरिंग मामले में मुठभेड़ के दौरान दो आरोपियों को काबू किया, जबकि कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की। इस मौके पर एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने कहा कि निष्ठा और ईमानदारी से ड्यूटी निभाने वाले पुलिसकर्मियों पर विभाग को गर्व है। उन्होंने कहा कि ऐसे कर्मचारी खाकी वर्दी का मान-सम्मान बढ़ाते हैं और अन्य पुलिस जवानों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं।
एसपी ने यह भी कहा कि भविष्य में भी बहादुरी और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले अधिकारी एवं कर्मचारियों को इसी प्रकार सम्मानित किया जाता रहेगा, ताकि पुलिस बल का मनोबल और अधिक मजबूत हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

