कैथल: फर्जी जमानती बनकर अदालत में पेश होने वाला आरोपी गिरफ्तार
कैथल, 12 जून (हि.स.)। अदालत में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमानती बनने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार काे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। थाना सिविल लाइन पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई में गांव प्योदा निवासी कृष्ण को काबू किया गया है।
जानकारी देते हुए थाना सिविल लाइन के एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश चंद्र ने बताया कि न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, कैथल की अदालत में एक आपराधिक मामले में आरोपी की जमानत के लिए कृष्ण कुमार नामक व्यक्ति जमानती के रूप में पेश हुआ था। अदालत में दस्तावेजों की जांच के दौरान पता चला कि आरोपी के पास दो अलग-अलग आधार कार्ड हैं और वह अलग-अलग पहचान के आधार पर विभिन्न अदालतों में कई मामलों में जमानती बन चुका है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने अदालत में शपथपत्र देकर गलत जानकारी दी थी कि वह पहले केवल एक ही मामले में जमानती बना है, जबकि वास्तविकता इससे अलग थी। इस मामले में आरोपी के खिलाफ थाना सिविल लाइन में केस दर्ज किया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

