कैथल : पूंडरी को 7.77 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात

WhatsApp Channel Join Now
कैथल : पूंडरी को 7.77 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात


कैथल, 17 मार्च (हि.स.)। पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए करीब 7.77 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न परियोजनाओं को मंजूरी दी गई है। इन योजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करना और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। विधायक सतपाल जांबा ने मंगलवार काे बताया कि ऐतिहासिक एवं धार्मिक महत्व के पुंडरीक तीर्थ पार्क के सौंदर्यीकरण और नवीनीकरण के लिए 415.65 लाख रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इस परियोजना के तहत पार्क में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी और पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए सौंदर्यीकरण कार्य किए जाएंगे, जिससे यह स्थान श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए और अधिक आकर्षक बन सके।

शहर में जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आईसीआईसीआई बैंक से पाई रोड तक 1000 मिमी एनपी3 पाइप डालकर आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम के निर्माण हेतु 205.12 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। इस परियोजना के पूरा होने पर बरसात के दौरान जलभराव की समस्या से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा क्षेत्र के अन्य विकास कार्यों के लिए 156.85 लाख रुपये की ग्रांट भी मंजूर की गई है, जिससे विभिन्न स्थानों पर आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाएगा।

इन सभी परियोजनाओं के लिए कुल 7.77 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है और संबंधित विभागों को जल्द कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। इन योजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र में विकास को नई गति मिलेगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। विधायक ने कहा कि सरकार के सहयोग से क्षेत्र में विकास कार्य लगातार जारी हैं और आगे भी जरूरत के अनुसार नई योजनाएं लागू की जाएंगी, ताकि हर गांव और शहर तक विकास का लाभ समान रूप से पहुंच सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story