कैथल पुलिस ने अफीम के साथ तस्कर किया गिरफ्तार
कैथल, 21 मार्च (हि.स.)। जिेले में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज़ होता जा रहा है। इसी कड़ी में शनिवार को सीआईए-1 टीम ने चीका क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 509 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया।
विशेष अभियान के तहत सीआईए-1 प्रभारी एसआई जसवंत सिंह की टीम गश्त पर थी। इस दौरान एएसआई बिजेंद्र सिंह व अन्य पुलिसकर्मी बस अड्डा हरिगढ़ किंगन के पास मौजूद थे, तभी उन्हें गुप्त सूचना मिली कि डेरा भाग सिंह, चीका निवासी बलजीत कुमार अवैध रूप से अफीम की तस्करी करता है और इस समय गांव भागल से चीका जाने वाले रजबाहा के कच्चे रास्ते पर हांसी-बुटाना नहर पुल के पास अफीम लेकर किसी ग्राहक का इंतजार कर रहा है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम ने तुरंत रेडिंग पार्टी गठित कर बताए गए स्थान पर दबिश दी।
मौके पर एक युवक पिट्ठू बैग के साथ खड़ा मिला, जिसे शक के आधार पर काबू किया गया। पूछताछ में उसकी पहचान चीका के डेरा भाग सिंह निवासी बलजीत कुमार के रूप में हुई।
पुलिस द्वारा मौके पर नायब तहसीलदार गुहला सुरेश कुमार को बुलाया गया और उनकी मौजूदगी में तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से एक पारदर्शी पन्नी में रखी 509 ग्राम अफीम बरामद हुई।
इस संबंध में थाना चीका में मामला दर्ज कर एएसआई कमलजीत सिंह द्वारा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

