कैथल: पुलिस ने 14 लाख कीमत के 85 गुमशुदा मोबाइल फोन ढूंढ निकाले

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 31 मार्च (हि.स.)। जिला पुलिस की साइबर सेल टीम ने मार्च माह के दौरान करीब 14 लाख रुपये की कीमत के 85 गुमशुदा मोबाइल फोन ढूंढ निकाले। इन मोबाइल फोनों को डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने पुलिस लाइन कैथल में उनके असली मालिकों को सौंपा। अपने खोए हुए मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस का आभार जताया और साइबर सेल टीम के प्रयासों की सराहना की।

पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार काे बताया कि जिला की साइबर सेल लगातार अपराध और अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं के समाधान में भी अहम भूमिका निभा रही है। साइबर सेल प्रभारी एएसआई राकेश के नेतृत्व में एएसआई रणदीप सिंह, हेड कांस्टेबल दीपक, अरुण तथा सिपाही अजय वीर व मोनु की टीम ने तकनीकी जांच और महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर यह सफलता हासिल की।

इस मौके पर डीएसपी गुरविंद्र सिंह ने बताया कि सीईआईआर (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने कहा कि इस पोर्टल पर मोबाइल गुम होने की शिकायत दर्ज कराने के बाद संबंधित मोबाइल का आईएमईआई नंबर ब्लॉक कर दिया जाता है, जिससे उसका गलत इस्तेमाल नहीं हो पाता। साथ ही, मोबाइल ट्रेस होने पर शिकायतकर्ता को तुरंत सूचना दी जाती है।

जिला पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन ने साइबर सेल टीम के कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि यह प्रयास न केवल लोगों को उनका खोया सामान वापस दिलाने में मददगार है, बल्कि मोबाइल फोन अपराधियों के हाथों में जाने से भी बचते हैं। उन्होंने आमजन से अपील की कि मोबाइल फोन गुम होने पर तुरंत ई-दिशा केंद्र के माध्यम से सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते मोबाइल को ट्रेस कर सुरक्षित वापस दिलाया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story