कैथल : पुलिस की सूझबूझ से लावारिस मिली महिला व बच्ची को परिजनों से मिलाया
कैथल, 03 अप्रैल (हि.स.)। जिला पुलिस की तत्परता और सूझबूझ से एक महिला और उसकी मासूम बच्ची को सुरक्षित उनके परिजनों से मिलाया गया। दोनों सरकारी अस्पताल के पास लावारिस हालत में मिली थीं। गुरुवार देर रात थाना सिविल लाइन के पीएसआई मंजीत सिंह की टीम को कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि एक महिला अपनी करीब नाै वर्षीय बच्ची के साथ सरकारी अस्पताल कैथल के पास बैठी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और महिला व बच्ची को अपने संरक्षण में लिया।
पूछताछ के दौरान महिला अपनी सही पहचान नहीं बता पा रही थी। उसने अपना नाम श्वेता बताया, लेकिन कभी वाराणासी तो कभी कलायत की रहने वाली होने की बात कहती रही।मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण वह अपने घर का सही पता बताने में असमर्थ थी। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला और बच्ची की फोटो विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में साझा की तथा साइबर सेल की मदद ली। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस का संपर्क महिला के परिजनों से हो गया।
जांच में सामने आया कि महिला कलायत क्षेत्र की रहने वाली है और उसके पति का निधन हो चुका है। मानसिक स्थिति ठीक न होने के चलते वह अपनी बच्ची के साथ घर से निकल गई थी। पुलिस ने महिला और बच्ची को सकुशल उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया। अपने परिजनों को सुरक्षित पाकर परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

