कैथल: नुक्कड़ नाटक के जरिए दिखाई मोदी के 25 साल के सेवा कार्यों की झलक
कैथल, 19 सितंबर (हि.स.)। शहर की एनआईआईएलएम यूनिवर्सिटी में शनिवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत नमो सेवा अनकही कहानियां नुक्कड़ नाटक का मंचन किया गया। सांस्कृतिक एवं कला विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के सफर और उनके कार्यों को नाटक के माध्यम से प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में हरियाणा लेबर फेड के चेयरमैन देवेंद्र पांचाल मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे।
नाटक के माध्यम से गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में नरेंद्र मोदी के कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में देश में किए गए विभिन्न कार्यों को दर्शाया गया। राजीव शर्मा एंड टीम ने प्रस्तुति के दौरान यह दिखाने का प्रयास किया कि किस प्रकार गुजरात में विकास मॉडल को आगे बढ़ाने के बाद देश के स्तर पर विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों को गति दी गई।
चेयरमैन देवेंद्र पांचाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है। इस लक्ष्य को पूरा करने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि पिछले 25 वर्षों से प्रधानमंत्री जनसेवा से जुड़े कार्यों में सक्रिय रहे हैं और सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
पांचाल ने युवाओं से नशे से दूर रहकर देश और समाज को मजबूत बनाने में योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बदलती जीवनशैली के बीच भारतीय संस्कारों और पारिवारिक मूल्यों को बनाए रखना जरूरी है। समाज में भाईचारा मजबूत करने, संयुक्त परिवार की भावना को महत्व देने और प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाने की जरूरत है।
इस अवसर पर यूनिवर्सिटी के वीसी प्रो. आरसी कुहड़ और प्रो वाइस चांसलर डॉ. देवेंद्र ढुल ने भी विचार रखे। कार्यक्रम में डायरेक्टर एडमिशन राजेंद्र गोयत, सहायक राहुल शर्मा, मनोज कुमार सहित विश्वविद्यालय का स्टाफ और विद्यार्थी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

