कैथल: निवेश के नाम पर 79 लाख की ठगी में साइबर क्राइम थाना ने आरोपी दबोचा

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: निवेश के नाम पर 79 लाख की ठगी में साइबर क्राइम थाना ने आरोपी दबोचा


कैथल, 02 अप्रैल (हि.स.)। जिले में साइबर ठगी के मामलों पर पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में थाना साइबर क्राइम की टीम ने इन्वेस्टमेंट के नाम पर करीब 79 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।

पुलिस अधीक्षक मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश पर एएसआई विनोद कुमार की टीम द्वारा मामले की जांच की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजस्थान के दाैसा जिले के गांव छतरी वाली ढाणी निवासी अशोक कुमार के रूप में हुई है।

पुलिस प्रवक्ता ने गुरुवार काे बताया कि इस संबंध में गांव साकरा निवासी दर्शन सिंह, जो हैफेड में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत है, ने शिकायत दर्ज करवाई थी। शिकायत में बताया कि 11 सितंबर को उसके मोबाइल पर व्हाट्सएप के जरिए एक मैसेज आया, जिसमें खुद को चंद्रिका बताने वाले व्यक्ति ने उसे पार्ट टाइम काम का ऑफर दिया। शुरुआत में उसे अलग-अलग होटल व वेबसाइट पर रिव्यू देने और उनके स्क्रीनशॉट टेलीग्राम आईडी पर भेजने को कहा गया। इसके बदले में उसे 120 रुपये का कमीशन भी मिला, जिससे उसका विश्वास बढ़ गया। इसके बाद आरोपियों ने उसे ज्यादा कमाई का लालच देकर एक वर्चुअल वॉलेट बनवाया और ट्रेडिंग में निवेश करने के लिए प्रेरित किया।

धीरे-धीरे आरोपियों ने उसे मोटा मुनाफा कमाने का झांसा देकर कुल 79 लाख 29 हजार 369 रुपये इन्वेस्ट करवा लिए। जब पीड़ित ने अपने पैसे निकालने की कोशिश की तो वह राशि नहीं निकल सकी, जिसके बाद उसे ठगी का एहसास हुआ।

जांच में सामने आया कि आरोपी अशोक कुमार ने साइबर ठगों को अपना बैंक खाता उपलब्ध करवाया था, जिसके जरिए यह धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है ।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story