कैथल: डीएमसी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: डीएमसी ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर दिए निर्देश


कैथल, 16 मार्च (हि.स.)। जिला नगर आयुक्त (डीएमसी) कपिल शर्मा ने सोमवार को शहर में चल रहे विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छात्रावास रोड के निर्माण कार्य तथा विद्क्यार झील से गंदा पानी निकालने की प्रक्रिया का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को कार्य में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

डीएमसी ने छात्रावास रोड के निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि सड़क बनाने से पहले फुटपाथ का निर्माण किया जाए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और उच्च गुणवत्ता की सामग्री का उपयोग किया जाए। साथ ही विद्क्यार झील से गंदे पानी को निकालने के कार्य की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि झील से गंदा पानी निकालकर उसमें स्वच्छ जल भरा जाएगा। इस कार्य पर करीब 50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। निरीक्षण के दौरान डीएमसी के साथ नगर परिषद के कार्यकारी अभियंता वरुण शर्मा और कनिष्ठ अभियंता संदीप धीमान भी मौजूद रहे।

छात्रावास रोड शहर का प्रमुख मार्ग है, जो लंबे समय से खराब स्थिति में है। सड़क पर गहरे गड्ढे होने के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी होती है, जबकि बरसात के दिनों में यहां जलभराव की समस्या भी बनी रहती है। दुकानदार लंबे समय से इस सड़क के निर्माण की मांग कर रहे थे। अब करीब 80 लाख रुपये की लागत से इस सड़क का निर्माण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों ने डीएमसी से मांग की कि सड़क निर्माण में बेहतर सामग्री का उपयोग किया जाए तथा फुटपाथ के साथ नई स्ट्रीट लाइट भी लगाई जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story