कैथल: डीएमसी के औचक निरीक्षण में बंद मिला ईओ कार्यालय, नोटिस जारी
कैथल, 08 जुलाई (हि.स.)। जिला पालिका आयुक्त (डीएमसी) कपिल शर्मा ने बुधवार को नगर परिषद कार्यालय का अचानक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं के कामकाज का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रॉपर्टी आईडी शाखा, प्रॉपर्टी टैक्स काउंटर, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण-पत्र शाखा तथा अकाउंट शाखा सहित कई कार्यालयों का दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान जब डीएमसी कार्यकारी अधिकारी (ईओ) के कार्यालय पहुंचे तो ईओ संदीप सोलंकी कार्यालय में मौजूद नहीं मिले। इस पर डीएमसी ने उनकी अनुपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने और नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
बताया जा रहा है कि ईओ के नियमित रूप से कार्यालय में उपलब्ध नहीं रहने की शिकायतें काफी समय से जिला प्रशासन और डीएमसी के संज्ञान में आ रही थीं। निरीक्षण के दौरान भी कई नागरिकों ने डीएमसी को बताया कि ईओ की अनुपस्थिति के कारण आम लोगों के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। लोगों का कहना था कि वरिष्ठ अधिकारी के कार्यालय में नहीं रहने से अन्य कर्मचारी भी समय पर अपनी सीटों पर नहीं मिलते, जिससे नागरिकों को बिना काम करवाए लौटना पड़ता है।
प्रॉपर्टी आईडी की शिकायतों पर लिया फीडबैक
डीएमसी ने प्रॉपर्टी आईडी शाखा का निरीक्षण कर वहां मौजूद लोगों से सीधे बातचीत की। नागरिकों ने बताया कि कई मकानों और दुकानों की प्रॉपर्टी आईडी में गंभीर त्रुटियां हैं, जिन्हें ठीक कराने के लिए उन्हें बार-बार कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं। कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि त्रुटियां दूर कराने के नाम पर अनावश्यक परेशान किया जाता है।
इस पर डीएमसी ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी मामलों का निपटारा पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि कोई कर्मचारी किसी भी प्रकार की अवैध मांग करता है तो उसकी तत्काल शिकायत करें, दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान डीएमसी ने अकाउंट शाखा के कार्यों की समीक्षा करते हुए वित्तीय प्रक्रियाओं में पूर्ण पारदर्शिता और निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी कर्मचारियों को नियमित रूप से कार्यालय में उपस्थित रहने और जनता के कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर समय पर पूरा करने के लिए कहा।
इसके अलावा उन्होंने शहर की स्वच्छता व्यवस्था की भी जानकारी ली। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि कचरा उठान का कार्य नियमित रूप से कराया जाए और बरसात के मौसम को देखते हुए नालों की समय रहते सफाई सुनिश्चित की जाए ताकि जलभराव जैसी समस्याओं से बचा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

