कैथल: टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख


कैथल, 25 अप्रैल (हि.स.)। जिले के कस्बे सीवन के टेंट हाउस के गोदाम में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। आग की चपेट में आकर टेंट, गद्दे, क्रोकरी सहित अन्य सामान जलकर राख हो गया। सैनी टैंट हाउस गोदाम के मालिक राजकुमार और बबला ने बताया कि शुक्रवार रात को वे रोजाना की तरह गोदाम में सामान रखकर घर चले गए थे। उस समय तक सब कुछ सामान्य था।

शनिवार अल सुबह पड़ोसियों से उन्हें सूचना मिली कि गोदाम में आग लगी हुई है। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप धारण कर चुकी थी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। नगर की दमकल टीम के साथ-साथ कैथल से भी फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

पीड़ितों के अनुसार इस हादसे में करीब 15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने बताया कि हाल ही में लगभग छह लाख रुपये का नया सामान भी खरीदा गया था, जो गोदाम में रखा हुआ था और आग में पूरी तरह नष्ट हो गया। पड़ोसी सोहनलाल ने बताया कि देर रात तक सब कुछ सामान्य था, लेकिन करीब तीन बजे उन्हें कुछ जलने की आशंका हुई। उन्होंने आसपास के लोगों को जगाया और मौके पर पहुंचकर देखा तो गोदाम के अंदर से धुआं निकल रहा था। काफी प्रयास के बाद शटर खोला गया, तब तक अंदर आग भयंकर रूप ले चुकी थी। इसके बाद गोदाम मालिकों और दमकल विभाग को सूचना दी गई। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story