कैथल: जिला परिषद की बैठक में 8.66 करोड़ का बजट पास

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 17 अप्रैल (हि.स.)।

जिला परिषद हाउस की बैठक शुक्रवार को जिला परिषद कार्यालय में चेयरमैन कर्मबीर कौल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में 21 वार्डों के विकास कार्यों के लिए आठ करोड़ 66 लाख 99 हजार 969 रुपये का बजट सर्वसम्मति से पास किया गया। पार्षदों व ब्लॉक समिति सदस्यों ने मेज थपथपा कर प्रस्ताव का समर्थन किया।

बैठक में कार्यकारी अधिकारी सुरेश राविश, पंचायती राज विभाग के कार्यकारी अभियंता प्रमोद, वाइस चेयरमैन सोनिया रानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। हालांकि कुछ पार्षद बैठक में अनुपस्थित रहे, जबकि कुछ अंत में पहुंचे।

सीईओ सुरेश राविश ने बताया कि राज्य वित्त आयोग से 4.61 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। इसमें टाइड फंड के तहत करीब 3.03 करोड़ रुपये तथा अनटाइड फंड के तहत 1.24 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। सभी पार्षदों ने इस बजट पर सहमति जताई।

चेयरमैन कर्मबीर कौल ने बताया कि पहले 20-25 करोड़ रुपये के विकास कार्य हो चुके हैं, लेकिन अब तक केवल 4-5 करोड़ रुपये का ही भुगतान हुआ है। उन्होंने इस मामले को गंभीर बताते हुए जल्द समाधान की आवश्यकता जताई।

बैठक में पार्षदों ने गांवों में खराब स्ट्रीट लाइटों का मुद्दा जोर-शोर से उठाया। कई पार्षदों ने कहा कि नई लगाई गई लाइटें भी खराब हो चुकी हैं और कई जगह पोल तो लगे हैं, लेकिन लाइट नहीं लगाई गई।

इस पर कार्यकारी अभियंता ने जवाब देते हुए कहा कि 35 गांवों में लाइटें लगाई जा चुकी हैं और 18 गांवों में कार्य जारी है। उन्होंने सुझाव दिया कि एक-दो लाइट खराब होने पर शिकायत न करें, बल्कि तीन-चार लाइट खराब होने पर सामूहिक शिकायत दर्ज कराई जाए, ताकि एजेंसी से एक साथ मरम्मत करवाई जा सके।

खेल स्टेडियम और सुविधाओं की बदहाली पर नाराजगी

पार्षद कमलेश रानी और कर्मबीर फौजी ने गांवों के खेल स्टेडियमों की बदहाली पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को बुनियादी खेल सामग्री तक नहीं मिल रही और स्टेडियमों में लाइट की भी सुविधा नहीं है।

पार्षदों ने खेल नर्सरियों में सुविधाएं बढ़ाने की मांग उठाई, ताकि युवाओं को खेलों से जोड़कर नशे से दूर रखा जा सके।

100 गांवों को मिलेंगे ई-रिक्शा

बैठक में गांवों की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 100 पंचायतों को ई-रिक्शा देने का प्रस्ताव भी सर्वसम्मति से पास किया गया। चेयरमैन ने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान को गति मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story