कैथल: जमीनी विवाद में साधु पर हमला, सिर में गंडासी लगने से घायल

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: जमीनी विवाद में साधु पर हमला, सिर में गंडासी लगने से घायल


कैथल, 28 सितंबर (हि.स.)। गांव ड्योढ़खेड़ी में तीन एकड़ जमीन को लेकर चल रहे विवाद में एक साधु पर पांच नकाबपोश लोगों द्वारा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में साधु दयादास के सिर में गंडासी लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों ने उन्हें उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया।

अस्पताल में उपचाराधीन दयादास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि रात करीब एक बजे पांच नकाबपोश लोग उनके कमरे में घुस आए। आरोप है कि हमलावरों ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और गंडासी व डंडों से उन पर हमला कर दिया। सिर में गंडासी लगने के बाद वह बेहोश होकर गिर गए। सुबह ग्रामीणों ने उन्हें संभाला और अस्पताल पहुंचाया।

दयादास ने आरोप लगाया कि गांव के ही साधु शांतिदास के साथ उनका करीब तीन एकड़ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। उनके अनुसार यह जमीन गांव के लोगों ने गोचरांद के लिए दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि जमीन से हटाने के लिए इससे पहले भी दो बार उन पर हमला करवाने का प्रयास किया जा चुका है और अब उन्हें गांव से हटाने का दबाव बनाया जा रहा है।

घायल साधु ने हमले में शामिल आरोपितों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की मांग की है। तितरम थाना प्रभारी इंस्पेक्टर वेदपाल ने बताया कि पुलिस को शिकायत मिली है। घायल साधु का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उनके बयान दर्ज करने के बाद मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story