कैथल :छात्रवृत्ति घोटाले में चालान पेश,पंजाब के कॉलेजों में फर्जी दाखिले दिखाकर की थी लाखाें की ठगी
कैथल, 25 मार्च (हि.स.)। हरियाणा में छात्रवृत्ति घोटाले के एक बड़े मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों के खिलाफ अदालत में चालान पेश किया है। आरोपियों ने फर्जी दस्तावेजों के सहारे लाखों रुपये की सरकारी राशि हड़पी गई थी।एसीबी प्रवक्ता ने बुधवार काे बताया कि जांच के अनुसार, आरोपी धर्मबीर (बीएल सेंटर संचालक), राजेश कुमार और नवीन कुमार ने शैक्षणिक सत्र 2013-14 और 2014-15 के दौरान 91 छात्र-छात्राओं के नाम पर फर्जी बैंक खाते खुलवाए। इन खातों पर उनका खुद का नियंत्रण था। इसके बाद उन्होंने पंजाब के विभिन्न शिक्षण संस्थानों में इन छात्रों के फर्जी दाखिले दिखाकर छात्रवृत्ति के लिए आवेदन तैयार किए।आरोपियों ने दस्तावेजों को असली दिखाने के लिए कॉलेजों की नकली मोहरें, प्रिंसिपल के जाली हस्ताक्षर और फर्जी हाजिरी रजिस्टर का इस्तेमाल किया। इन दस्तावेजों को जिला कल्याण अधिकारी, कैथल के कार्यालय में जमा कर छात्रवृत्ति राशि स्वीकृत करवा ली गई।जैसे ही राशि खातों में आई, आरोपियों ने बायोमैट्रिक, चेक और अन्य माध्यमों से कुल 44 लाख 59 हजार 760 रुपये निकालकर अपने खातों में ट्रांसफर कर लिए। इस धोखाधड़ी से सरकार के साथ-साथ असली पात्र विद्यार्थियों को भी आर्थिक नुकसान हुआ। इस मामले में 19 दिसंबर 2023 को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया था। जांच के बाद 29 दिसंबर 2025 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।वर्तमान स्थिति के अनुसार, नवीन कुमार छह फरवरी 2026 से जमानत पर है, जबकि धर्मबीर और राजेश कुमार अभी न्यायिक हिरासत में हैं। मामले में एक अन्य आरोपी, तत्कालीन बैंक अधिकारी हुकम चंद (सेवानिवृत्त), की गिरफ्तारी अभी बाकी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

