कैथल: घर में फर्श के नीचे दबा रखी थी शराब की टंकी, दाे तस्कर काबू

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: घर में फर्श के नीचे दबा रखी थी शराब की टंकी, दाे तस्कर काबू


कैथल, 28 मई (हि.स.)। जिले में नशा व अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गुरुवार को दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान भारी मात्रा में लाहण और हथकढ़ी शराब भी बरामद की गई।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार थाना शहर और थाना सीवन की टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सघन सर्च अभियान चलाया। थाना शहर पुलिस ने डेरा गरजा सिंह में छापेमारी कर गुलजार सिंह नामक आरोपी को काबू किया। जांच के दौरान उसके घर में फर्श के नीचे छिपाई गई एक टंकी से करीब 500 लीटर लाहण बरामद हुआ, जिसका इस्तेमाल अवैध शराब बनाने में किया जाता है।

वहीं दूसरी ओर थाना सीवन पुलिस ने गांव कांगथली में कार्रवाई करते हुए जरनेल सिंह को उसके घर से पांच बोतल हथकढ़ी शराब सहित गिरफ्तार किया। पुलिस टीमों ने इस दौरान संदिग्ध ठिकानों की गहन तलाशी ली और इलाके में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशा तस्करी और अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए लगातार ऐसे अभियान चलाए जा रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह के गैरकानूनी धंधों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story