कैथल: गुहला-चीका क्षेत्र में नशा तस्करों के ठिकानों पर सर्च अभियान, सात टीमाें में 60 पुलिस कर्मियाें ने 60 घरों की जांच

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: गुहला-चीका क्षेत्र में नशा तस्करों के ठिकानों पर सर्च अभियान, सात टीमाें में 60 पुलिस कर्मियाें ने 60 घरों की जांच


कैथल, 04 अप्रैल (हि.स.)। नशा तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के तहत जिला पुलिस ने थाना गुहला और थाना चीका क्षेत्र में व्यापक सर्च अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध नशा तस्करों के घरों व अन्य ठिकानों की गहन जांच की गई। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एसपी मनप्रीत सिंह सूदन के निर्देश तथा डीएसपी कुलदीप बेनीवाल के नेतृत्व में शनिवार सुबह यह अभियान चलाया गया।

थाना गुहला के एसएचओ पीएसआई शनेष की टीम ने गांव चाणचक, दाबनखेड़ी, रत्ताखेड़ा और अंगौध में तलाशी अभियान चलाया, जबकि थाना चीका के एसएचओ एसआई संदीप कुमार की टीम ने चीका की विभिन्न कॉलोनियों और गांव कल्लरमाजरा में सर्च ऑपरेशन किया। इस अभियान में कुल सात टीमों के करीब 60 पुलिसकर्मी शामिल रहे, जिन्होंने लगभग 60 घरों की जांच की। पुलिस ने यह सुनिश्चित करने के लिए छानबीन की कि कहीं किसी स्थान पर मादक पदार्थ छिपाकर तो नहीं रखा गया है या कोई व्यक्ति गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त तो नहीं है।

एसपी मनप्रीत सिंह सूदन ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करना और नशा तस्करों व अपराधियों में डर पैदा करना है। उन्होंने कहा कि पुलिस का लक्ष्य कैथल जिले को नशा मुक्त बनाना है और इसके लिए लगातार सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।

अभियान के दौरान पुलिस ने स्थानीय लोगों को भी जागरूक करते हुए अपील की कि यदि उन्हें किसी भी प्रकार की नशा तस्करी या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

एसपी ने चेतावनी दी कि नशे के कारोबार से अर्जित अवैध संपत्ति की भी जांच की जा रही है और ऐसे मामलों में संपत्ति को अटैच किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नशा तस्करों की असली जगह जेल है और पुलिस का यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story