कैथल के चीका में मोबाइल की दुकान पर फायरिंग, बदमाश फरार

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 05 अप्रैल (हि.स.)। जिले के चीका कस्बे में शनिवार देर शाम एक मोबाइल दुकान पर अज्ञात बदमाशों ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना मेन मार्केट की है, जहां दो बदमाश बाइक पर सवार होकर पहुंचे और अचानक पिस्टल निकालकर कई राउंड फायर कर दिए।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने दुकान के सामने कुछ सेकंड रुक कर फायरिंग की। गोलियां दुकान के शीशे तोड़ते हुए अंदर दीवार में जा घुसीं। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

इस वारदात का एक करीब 50 सेकंड का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों बदमाश बिना नंबर प्लेट की काली स्पलेंडर बाइक पर आते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने चेहरे पर डार्क रंग के मास्क पहने हुए थे। वीडियो में एक बदमाश पिस्टल निकालकर फायर करता और दूसरा दोबारा पिस्टल लोड कर अगला राउंड फायर दिखाई दे रहा है। दुकान के मालिक रमन शर्मा ने बताया कि घटना के समय वह सामान लेने के लिए लुधियाना गए हुए थे और दुकान पर एक मैकेनिक को छोड़कर गए थे। मैकेनिक रमेश के अनुसार, वह घटना के समय वॉशरूम गया हुआ था। जब वह वापस लौटा तो दुकान के बाहर भीड़ लगी थी और गेट का कांच टूटा हुआ था। अंदर दीवारों पर गोलियों के निशान भी मिले।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। चीका थाना के प्रभारी संदीप कुमार ने रविवार को बताया कि आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं और इलाके में नाकाबंदी कर तलाश की जा रही है। दुकानदार का कहना है कि उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। पुलिस फिलहाल फायरिंग के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story