कैथल: ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 17.39 लाख रुपये की ठगी के मामले में एंटी इमिग्रेशन सैल ने आरोपी किया गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 17.39 लाख रुपये की ठगी के मामले में एंटी इमिग्रेशन सैल ने आरोपी किया गिरफ्तार


कैथल, 27 अप्रैल (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर 17.39 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में एंटी इमिग्रेशन सैल ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एंटी इमिग्रेशन सैल प्रभारी पीएसआई शुभ्रांशु के नेतृत्व में एएसआई सुरेंद्र सिंह की टीम ने जांच करते हुए आरोपी पंजाब के फतेहगढ़ साहित जिला के गांव गढौलिया निवासी कमलजीत सिंह काे गिरफ्तार किया है।

पुलिस प्रवक्ता ने साेमवार काे बताया कि गांव बोपुर निवासी गुरजीत कौर ने शिकायत दी थी कि वह जीएनएम नर्सिंग पास है और स्टडी वीजा पर ऑस्ट्रेलिया जाना चाहती थी। उसकी एक सहेली के माध्यम से उसका संपर्क मोहाली स्थित बाज इंटरनेशनल नामक इमिग्रेशन कंपनी से हुआ। आरोपी कमलजीत सिंह और प्रियंका शर्मा ने उसे स्टडी वीजा पर ऑस्ट्रेलिया भेजने का झांसा देकर करीब 20 लाख रुपये खर्च होने की बात कही।

मई 2024 में शिकायतकर्ता अपने परिजनों के साथ मोहाली स्थित कार्यालय गई, जहां आरोपियों ने उसे विश्वास में लेकर उसके शैक्षणिक दस्तावेज ले लिए। इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग समय पर पैसे मांगने शुरू कर दिए। शिकायतकर्ता ने कुल 7,39,500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए।

इसके बाद 20 अप्रैल 2025 को आरोपी कमलजीत सिंह शिकायतकर्ता के घर पहुंचा और स्टडी वीजा की कॉपी दिखाकर 10 लाख रुपये नकद ले गया। बाद में आरोपी ने फ्लाइट टिकट भी दिखाया, लेकिन जब दस्तावेजों की जांच करवाई गई तो वीजा, टिकट और अन्य कागजात फर्जी पाए गए।

जब पीड़िता ने पैसे वापस मांगे, तो आरोपियों ने उसे जान से मारने, मानव तस्करों को बेचने और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। पंचायत के दबाव में आरोपी ने पैसे लौटाने के लिए दो चेक दिए, लेकिन खाते में पर्याप्त राशि न होने के कारण दोनों चेक बाउंस हो गए।

इस संबंध में थाना चीका में मामला दर्ज किया गया था। आरोपी किसी अन्य मामले में पटियाला जेल में बंद था। उसे इस केस में गिरफ्तार करने के लिए न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट जारी करवाए गए। पुलिस ने आरोपी का तीन दिन का रिमांड हासिल किया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story