कैथल: ऑपरेशन स्माइल’ में पुलिस ने दाे बच्चे परिजनों से मिलाए
कैथल, 08 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन स्माइल’ अभियान के तहत थाना तितरम पुलिस ने दो बच्चों को खोजकर सुरक्षित उनके परिजनों से मिलवाया। इस कार्रवाई से परिजनों के चेहरों पर फिर से मुस्कान लौट आई। पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार जानकारी देते हुए बताया कि अप्रैल माह के दौरान ‘ऑपरेशन स्माइल’ अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत गुमशुदा, बाल मजदूरी या अन्य प्रकार से शोषित बच्चों और महिलाओं को खोजकर उनके परिजनों तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
पहले मामले में तितरम पुलिस को सूचना मिली कि जाखौली गांव के पास करीब 10-12 वर्षीय एक लड़का लावारिस हालत में घूम रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पीएसआई रवि की टीम मौके पर पहुंची और बच्चे को अपने संरक्षण में लेकर पूछताछ शुरू की। पूछताछ के दौरान बच्चा बार-बार अयोध्या का नाम ले रहा था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अयोध्या थाना से संपर्क किया और बच्चे की फोटो भेजी।
पुलिस के प्रयासों से बच्चे की पहचान गांव रामपुर, जिला फैजाबाद (थाना अयोध्या) के रूप में हुई। इसके बाद परिजनों से संपर्क कर उन्हें तितरम थाने बुलाया गया, जहां बच्चे को सकुशल उनके हवाले कर दिया गया। परिजनों ने बताया कि बच्चा मानसिक रूप से परेशान था और करीब पांच महीने पहले घर से निकल गया था।
दूसरे मामले में बुधवार सुबह तितरम पुलिस को सूचना मिली कि नवोदय विद्यालय तितरम का करीब 12 वर्षीय छात्र कहीं चला गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत खोजबीन शुरू की और महज एक घंटे के भीतर बच्चे को गांव कैलरम से ढूंढ निकाला। इसके बाद बच्चे के परिजनों और स्कूल स्टाफ को थाने बुलाकर छात्र को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।
‘ऑपरेशन स्माइल’ के तहत कैथल पुलिस लगातार ऐसे प्रयास कर बिछड़े लोगों को मिलाने और उनके चेहरों पर मुस्कान लौटाने का कार्य कर रही है। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी गुमशुदा या संदिग्ध बच्चे की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते मदद पहुंचाई जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

