कैथल: ऑपरेशन स्माइल’ में पुलिस ने चार महिलाएं व दाे बच्चे किए बरामद

WhatsApp Channel Join Now

कैथल, 07 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन स्माइल’ अभियान के तहत कैथल पुलिस ने अलग-अलग चार मामलों में गुमशुदा चार महिलाओं और दाे बच्चों को बरामद कर उनके परिजनों से मिलवाया है। पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि पहले मामले में थाना राजौंद पुलिस को सूचना मिली कि करीब 80 वर्षीय महिला घर से बिना बताए लापता हो गई है। एसएचओ एसआई सतपाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए महिला को टोहाना से खोजकर सकुशल परिजनों के हवाले कर दिया। बताया गया कि महिला घरेलू विवाद के चलते घर से चली गई थी।

दूसरे मामले में थाना पूंडरी क्षेत्र की 19 वर्षीय युवती, जो अक्टूबर 2023 से लापता थी, को ‘ऑपरेशन स्माइल’ टीम ने जिला करनाल के एक गांव से बरामद किया। जांच में सामने आया कि युवती अपने एक दोस्त के साथ रह रही थी। तीसरे मामले में थाना तितरम क्षेत्र से लापता महिला और उसकी तीन वर्षीय बेटी को पुलिस ने कैथल के एक गांव से बरामद किया। महिला अपने परिचित के साथ रह रही थी।

चौथे मामले में थाना सिविल लाइन पुलिस को कैथल बस अड्डे पर गश्त के दौरान एक महिला और करीब तीन वर्षीय बच्चा लावारिस हालत में मिले। महिला मानसिक रूप से अस्वस्थ पाई गई। पुलिस टीम ने अपनी सूचना तंत्र की मदद से महिला की पहचान गांव किछाना निवासी के रूप में की और उसे सुरक्षित परिजनों के सुपुर्द कर दिया। पुलिस द्वारा सभी मामलों में आगामी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story