कैथल: एटीएम कार्ड बदलकर 61 हजार की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: एटीएम कार्ड बदलकर 61 हजार की ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार


कैथल, 07 अप्रैल (हि.स.)। पैसे निकालने में मदद करने के बहाने एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव राजथल (जिला हांसी) निवासी प्रदीप कुमार के रूप में हुई है। इस मामले की जांच एंटी व्हीकल थेफ्ट स्टाफ प्रभारी एसआई मुकेश कुमार के नेतृत्व में एएसआई संजय कुमार की टीम द्वारा की जा रही थी।

शिकायतकर्ता नंदसिंह वाला निवासी रिंकू ने पुलिस को बताया कि 27 फरवरी को वह चंदाना गेट स्थित पीएनबी बैंक के एटीएम से पैसे निकालने गया था। इसी दौरान दो युवक उसके पीछे आ खड़े हुए और मदद करने के बहाने 10 हजार रुपये निकलवाकर उसे दे दिए। बाद में उन्होंने चालाकी से उसका एटीएम कार्ड बदल लिया।

जब रिंकू ने दोबारा पैसे निकालने की कोशिश की तो एटीएम कार्ड का पिन गलत बताया जाने लगा। इसके बाद आरोपियों ने उसके खाते से अलग-अलग छह बार में कुल 61 हजार रुपये निकाल लिए। इस संबंध में थाना शहर में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी प्रदीप कुमार किसी अन्य मामले में कैथल जेल में बंद था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने अदालत से प्रोडक्शन वारंट हासिल किया। पूछताछ के दौरान आरोपी के कब्जे से पांच हजार रुपये बरामद किए गए हैं। पुलिस ने मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story