कैथल: इंग्लैंड भेजने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोपी काबू

WhatsApp Channel Join Now
कैथल: इंग्लैंड भेजने के नाम पर लाखों की ठगी का आरोपी काबू


कैथल, 22 अप्रैल (हि.स.)। विदेश भेजने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। इंग्लैंड भेजने के नाम पर 12.46 लाख रुपये की धोखाधड़ी के मामले में इकनॉमिक सेल की टीम ने मोहाली (पंजाब) निवासी मुकेश कुमार को काबू किया है।

मामले की जांच इकनॉमिक सेल के एसआई कुलबीर सिंह की टीम द्वारा की जा रही है। पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि इस मामले में पहले ही दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि अब मुख्य एजेंट के रूप में काम कर रहे मुकेश कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।

शिकायतकर्ता डेरा गरजा सिंह, कैथल निवासी जसवंत सिंह ने बताया कि वह 10वीं तक पढ़ा-लिखा है और बेरोजगार होने के कारण विदेश जाना चाहता था। उसका दोस्त तरुण शर्मा भी विदेश जाने की तैयारी में था। वर्ष 2023 में पंजाब के पटियाला जिले की पूर मंडी में उसकी मुलाकात राजकुमार नामक व्यक्ति से हुई, जिसने खुद को देसी दवाई देने के साथ-साथ विदेश भेजने का काम करने वाला बताया।

राजकुमार ने जसवंत और उसके दोस्त को अपने जाल में फंसा लिया और बाद में अपने बेटे सुमित को भी इस काम में शामिल बताया। आरोपियों ने दोनों युवकों को इंग्लैंड भेजने का झांसा देते हुए प्रति व्यक्ति 12 लाख रुपये में सौदा तय किया। नवंबर 2023 में आरोपी कैथल आए और दोनों के दस्तावेज लेकर चले गए। 12 से 24 दिसंबर 2023 के बीच आरोपियों ने उनसे कुल 12 लाख 46 हजार रुपये ऐंठ लिए। इसके बाद चार जनवरी 2024 को आरोपियों ने इंग्लैंड के वीजा की अधूरी फोटो भेजी और भरोसा दिलाया कि जल्द ही यात्रा पूरी करवा दी जाएगी।

आरोपियों ने बाद में फ्लाइट कैंसिल होने का बहाना बनाकर नई तारीख बताई और व्हाट्सएप पर फर्जी एयर टिकट भी भेज दिए। जब पीड़ितों ने वीजा की जांच करवाई तो वह फर्जी निकला। पैसे और दस्तावेज वापस मांगने पर आरोपियों ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। मामले की शिकायत मिलने पर थाना शहर कैथल में केस दर्ज किया गया। जांच के दौरान सामने आया कि मोहाली निवासी मुकेश कुमार इस पूरे नेटवर्क में मुख्य एजेंट के रूप में शामिल था और नकली वीजा व अन्य दस्तावेज तैयार करवाने में उसकी अहम भूमिका थी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे

Share this story