कुरुक्षेत्र में बेटी की बीमारी से परेशान तीन सदस्यों ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट बरामद

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 20 अप्रैल (हि.स.)। कुरुक्षेत्र में बेटी की बीमारी से परेशान परिवार के तीन सदस्यों ने आत्महत्या कर ली। पुलिस को सोमवार सुबह तीनों के शव पंखे पर लटके मिले। प्रारंभिक जांच के अनुसार परिवार ने मानसिक परेशानी के चलते यह कदम उठाया है।

कुरुक्षेत्र पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब साढे छह बजे सुभाष मंडी चौकी को सूचना मिली कि प्रेम नगर कॉलोनी में एक घर में तीन लोगों ने फांसी लगा ली है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घर में पति, पत्नी और उनकी 3 साल की बच्ची फांसी पर लटक रही थी। तुरंत तीनों को नीचे उतारा गया। डाक्टरों ने जांच के दौरान तीनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान जतिंद्र कुमार (30), पत्नी मंजू (28) और बेटी अदविका के रूप में हुई। बताया जाता है कि बेटी का आज जन्मदिन था।

जतिंद्र कुमार रेलवे मेल सर्विस में काम करता था। जतिंद्र कुमार के पिता महेंद्र सिंह पंजाब पुलिस से सेवानिवृत्त थे। थाना कृष्णा गेट के प्रभारी बलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को घटनास्थल से सुसाइड नोट बरामद हुआ है। पुलिस उसकी जांच करा रही है। पता चला है कि परिवार में बेटी बीमार रहती थी। जिसे लेकर माता-पिता मानसिक रूप से परेशान थे। माना जा रहा है कि इसी परिस्थिति में यह कदम उठाया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story