कपास किसानों को सूक्ष्म पोषक तत्वों एवं कीट प्रबंधन पर मिलेगा अनुदान

WhatsApp Channel Join Now

चंडीगढ़, 26 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने बताया कि प्रदेश सरकार ने राज्य में कपास की पैदावार बढ़ाने और फसलों को कीटों से सुरक्षा प्रदान करने के उद्देश्य से सूक्ष्म पोषक तत्वों एवं एकीकृत कीट प्रबंधन अपनाने पर किसानों को वित्तीय अनुदान प्रदान करने का निर्णय लिया है। इस विशेष योजना के तहत राज्य के कपास उत्पादक किसान अधिकतम 4,000 रुपये तक का अनुदान प्राप्त कर सकते हैं।

राणा ने बताया कि किसानों को सूक्ष्म पोषक तत्वों और एकीकृत कीट प्रबंधन की कृषि सामग्री की खरीद पर 50 प्रतिशत अथवा 2,000 रुपये प्रति एकड़ (जो भी कम हो) के हिसाब से सब्सिडी दी जाएगी, जिसकी अधिकतम सीमा दो एकड़ निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि किसानों को कृषि सामग्री चौ. चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार की सिफारिशों के अनुसार ही अर्धसरकारी, सहकारी समितियों अथवा अधिकृत विक्रेताओं से खरीदनी होगी। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री ने आगे बताया कि विभाग द्वारा बिल अपलोड करने की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story