आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं हर माह सात से पहले मिलेगा वेतन

WhatsApp Channel Join Now


-महिला एवं बाल विकास मंत्री ने यूनियन प्रतिनिधियों के साथ की बैठक

-प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना का भी मिलेगा लाभ

चंडीगढ़, 28 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा की महिला एवं बाल विकास तथा सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्री श्रुति चौधरी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

श्रुति चौधरी शनिवार को आंगनवाड़ी वर्कर्स एंड हेल्पर्स यूनियन, हरियाणा के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर रही थी। बैठक में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की सेवा शर्तों, सामाजिक सुरक्षा, वित्तीय लाभों और पदोन्नति से संबंधित मांगों एवं समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सामाजिक सुरक्षा और बीमा कवरेज के संबंध में मंत्री ने सभी जिला कार्यक्रम अधिकारियों (डीपीओ) को निर्देश दिए कि प्रत्येक आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना (पीएमजेजेबीवाई) तथा प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना (पीएमएसबीवाई) के अंतर्गत उपलब्ध लाभों की जानकारी दी जाए।

आशा वर्कर्स और ग्राम चौकीदारों की तर्ज पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के लिए फिक्स्ड डिपॉजिट (एफडी) योजना लागू करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। इस प्रस्ताव को उचित स्तर पर विचारार्थ भेजा जाएगा। सहायिकाओं की पदोन्नति और इसके परिणामस्वरूप खाली होने वाले पदों को भरने के संबंध में मंत्री ने अधिकारियों को इस प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं, सुपरवाइजरों की भर्ती में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को 50 प्रतिशत पदोन्नति कोटा देने की यूनियन की मांग पर भी चर्चा हुई।

मानदेय के समय पर भुगतान को लेकर मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का मासिक मानदेय प्रत्येक माह की 7 तारीख से पहले उनके खातों में जमा हो जाना चाहिए। संबंधित अधिकारी भुगतान प्रक्रिया को समय पर पूरा करना सुनिश्चित करें, ताकि किसी भी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो। मानदेय में वृद्धि की यूनियन की मांग पर भी विचार-विमर्श किया गया।

आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को लाभार्थियों के घर नियमित दौरा करने तथा पोषण ट्रैकर पर निर्धारित गतिविधियों का विवरण समय पर अपडेट करने के निर्देश दिए गए। टेक होम राशन (टीएचआर) और गर्म पका हुआ भोजन (एचसीएम) सेवाओं की सटीक एवं समयबद्ध रिपोर्टिंग पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में महिला एवं बाल विकास विभाग के आयुक्त एवं सचिव शेखर विद्यार्थी, निदेशक डॉ. प्रियंका सोनी तथा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784915 Articles

Share this story