अमृत भारत स्टेशन योजना से गुरुग्राम व पटौदी के स्टेशन बन रहे विश्वस्तरीय

WhatsApp Channel Join Now
अमृत भारत स्टेशन योजना से गुरुग्राम व पटौदी के स्टेशन बन रहे विश्वस्तरीय


-विश्वस्तरीय सुविधाओं के विकास से यात्रियों को मिलेगा आधुनिक यात्रा अनुभव

गुरुग्राम, 13 जून (हि.स.)। देश के सबसे तेजी से विकसित हो रहे शहरों में शामिल गुरुग्राम को आधुनिक रेल सुविधाओं से जोडऩे के लिए केंद्र सरकार द्वारा कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत गुरुग्राम रेलवे स्टेशन और पटौदी रोड रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास का कार्य इसी सोच का परिणाम है, जिसका उद्देश्य यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना और शहर की बढ़ती जरूरतों के अनुरूप आधुनिक रेल अवसंरचना विकसित करना है।

अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत गुरुग्राम रेलवे स्टेशन का लगभग 300 करोड़ रुपये की लागत से कायाकल्प किया जा रहा है। परियोजना के अंतर्गत आधुनिक बहुमंजिला स्टेशन भवन, रूफ प्लाजा, एयर कॉनकोर्स, अत्याधुनिक प्रतीक्षालय, बेहतर यात्री सुविधाएं, कैफेटेरिया, हरित क्षेत्र, आधुनिक सुरक्षा प्रणाली और मल्टी लेवल पार्किंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। स्टेशन के डिजाइन में स्थानीय संस्कृति और विरासत की झलक को भी शामिल किया जाएगा। पुनर्विकास के बाद गुरुग्राम रेलवे स्टेशन न केवल यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराएगा, बल्कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के एक प्रमुख रेलवे स्टेशन के रूप में नई पहचान भी स्थापित करेगा। गुरुग्राम जिले के पटौदी रोड रेलवे स्टेशन को भी अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल किया गया है, जहां लगभग 25 करोड़ रुपये की लागत से विकास कार्य किए जा रहे हैं। इससे पटौदी, जटौली मंडी और आसपास के क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक रेल यात्रा का लाभ मिलेगा।

गुरुग्राम आज वैश्विक निवेश, उद्योग, आईटी, सेवा क्षेत्र और रोजगार का प्रमुख केंद्र बन चुका है। ऐसे में आधुनिक रेल अवसंरचना शहर की आर्थिक गतिविधियों को नई गति प्रदान कर रही है। मोदी सरकार के 12 साल के कार्यकाल में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत गुरुग्राम और पटौदी रोड रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास केंद्र सरकार की उस दूरदर्शी सोच को दर्शाता है, जिसके माध्यम से विकसित भारत के संकल्प के साथ-साथ विकसित गुरुग्राम के लक्ष्य को भी साकार किया जा रहा है। आधुनिक, सुरक्षित और यात्री-केंद्रित रेलवे सुविधाएं आने वाले वर्षों में गुरुग्राम की प्रगति और नागरिकों की सुविधा दोनों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story