अब घर बैठे मिलेगी पीपीपी में बदलाव की जानकारी
अब एसएमएस से मिलेगी 12 तरह की जानकारियां
चंडीगढ़, 14 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा में परिवार पहचान पत्र में बदलाव या अपडेट के लिए आवेदन करने वालों को अब उसकी जानकारी लेने के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण ने एसएमएस की सुविधा बढ़ाते हुए इसमें पांच नई प्रक्रियाएं जोड़ी हैं।
अब इन प्रक्रियाओं में आवेदन मिलने, मंजूर होने या खारिज होने पर आवेदक के मोबाइल पर एसएमएस आएगा। इस तरह पीपीपी से जुड़ी कुल 12 प्रक्रियाओं की जानकारी मोबाइल पर मिलेगी। हरियाणा परिवार पहचान प्राधिकरण के स्टेट कोऑर्डिनेटर डॉ.सतीश खोला ने इन नई प्रक्रियाओं की जानकारी दी।
अगर किसी व्यक्ति की परिवार पहचान पत्र में दर्ज जन्मतिथि गलत है और वह इसे ठीक करवाने के लिए आवेदन करता है, तो आवेदन मिलने के साथ ही उसकी मंजूरी या अस्वीकृति की जानकारी भी एसएमएस से मिलेगी। अगर कोई परिवार हरियाणा में ही एक जिले या स्थान से दूसरे स्थान पर अथवा दूसरे राज्य शिफ्ट होता है और पीपीपी में माइग्रेशन का अनुरोध करता है, तो इसकी जानकारी मोबाइल पर भेजी जाएगी। कई बार परिवार पहचान पत्र में किसी व्यक्ति को गलती से मृत दर्ज कर दिया जाता है। ऐसे में उसे दोबारा जीवित दर्ज करवाने के लिए अनुरोध किया जा सकता है।
अब इस प्रक्रिया की जानकारी भी मोबाइल पर मिलेगी। अगर परिवार पहचान पत्र में किसी सदस्य का नाम गलत दर्ज है और उसे ठीक करवाने या बदलने के लिए आवेदन किया जाता है, तो इसकी जानकारी एसएमएस के जरिए मिलेगी। डॉ.सतीश खोला ने नागरिकों से अपील की है कि वे परिवार पहचान पत्र में अपना मोबाइल नंबर सही और अपडेट रखें। उन्होंने बताया कि फिलहाल एनरोलमेंट आईडी बनने, फैमिली आईडी तैयार होने, परिवार में नया सदस्य जुडऩे समेत 12 प्रक्रियाओं की जानकारी एसएमएस के माध्यम से दी जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

