रोहतक: वाहन की चपेट में आने से राष्ट्रीय स्वीमिंग खिलाड़ी की मौत

WhatsApp Channel Join Now


रोहतक, 16 अगस्त (हि.स.)। मदीना बाईपास के पास के समीप सड़क हादसे में नेशनल स्तर के स्वीमिंग खिलाड़ी विश्वजीत नैन की मौत हो गई। हिसार के गंगवा निवासी विश्वजीत नैन स्कूटी पर सवार होकर रोहतक से अपने गांव की तफर जा रहा था। इसी दौरान मदीना बाईपास के पास अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि विश्वजीत गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए पीजीआई भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार गांव गगंवा निवासी विश्वजीत नैन रविवार को रोहतक से अपने गांव जा रहा था, इसी दौरान मदीना बाईपास पर अज्ञात वाहन ने स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। बताया जा रहा है कि विश्वजीत नैन की पहचान खेल जगत में एक प्रतिभाशाली तैराक के रूप में थी। वह नेशनल स्तर की कई स्वीमिंग प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले चुके थे।

हादसे की सूचना मिलने के बाद थाना बहुअकबरपुर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है और अज्ञात वाहन की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल सकती है, ताकि हादसे में शामिल वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके।

--------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल

Share this story