सिरसा: जमानत पर जेल से आए युवक की हत्या,दो साथी घायल

WhatsApp Channel Join Now
सिरसा: जमानत पर जेल से आए युवक की हत्या,दो साथी घायल


सिरसा: जमानत पर जेल से आए युवक की हत्या,दो साथी घायल


सिरसा, 22 अगस्त (हि.स.)। जिले के रोड़ी कस्बा में रंजिशन एक युवक की हत्या कर दी गई। युवक जेल से जमानत पर बाहर आया हुआ था। शुक्रवार देर रात को हमलावरों ने तेजधार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया, अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस हमले में दो अन्य सदस्य भी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक युवक की पहचान कुलबीर सिंह के रूप में हुई है। मृतक युवक के दादा कांग्रेसी नेता थे और उनका क्षेत्र में रसूख था। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बताया जा रहा है कि कुलबीर जमानत पर बाहर आया हुआ था। शुक्रवार रात को वह अपने भाई रणधीर सिंह और भतीजे जगदीप सिंह के साथ खेत में पानी लगाने जा रहा था। गांव झोरडऩाली के बस अड्डा के पास हथियारबंद हमलावरों ने उन्हें घेर लिया और ताबड़तोड़ वार शुरू कर दिए, जिससे तीनों घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। शोर सुनकर ग्रामीण और परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को इलाज के लिए सिरसा के नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां कुलबीर की उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि रणधीर और जगदीप का इलाज चल रहा है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक मृतक के दादा पोहला सिंह इलाके के सक्रिय कांग्रेस नेता रहे हैं। इस परिवार की गांव के ही एक अन्य पक्ष से लंबे समय से रंजिश चली आ रही है। कुछ साल पहले शराब ठेके के कारोबार को लेकर पोहला सिंह का गांव के ही गंगा सिंह से विवाद हुआ था, जिसमें गंगा सिंह की हत्या हो गई थी। इस मामले में कुलबीर नामजद था और हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आया था। पुलिस ने मृतक के परिजनों की शिकायत पर हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma

Share this story